बरूदनी में बावड़ी बालाजी मंदिर पर कलश स्थापना की द्वितीय वर्षगांठ श्रद्धा से मनाई
आकोला (रमेश चंद्र डाड)। बरूदनी कस्बे में स्थित बावड़ी बालाजी मंदिर पर कलश स्थापना की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किए गए। इस अवसर पर रात्रि जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए।
बावड़ी बालाजी के महंत श्रीराम सुंदर दास महाराज ने बताया कि रात्रि जागरण के दौरान सर्दी अधिक होने के कारण भक्तजनों ने अलाव जलाकर निर्गुणी भजनों का आनंद लिया। पूरी रात भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुबह के समय आचार्य शिव प्रकाश भट्ट द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई गई। सर्वप्रथम गणपति देव का आह्वान किया गया, इसके बाद सभी देवी-देवताओं की पूजा संपन्न करवाई गई। तत्पश्चात सुंदरकांड पाठ एवं मंत्रोच्चार के श्लोकों के साथ यज्ञ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर महाआरती की गई, जिसके बाद उपस्थित भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस धार्मिक आयोजन में मुरली गट्टाणी, कमलेश साहू, गोपाल अहीर सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।