ग्रेटर नोएडा।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित दनकौर गाँव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवक के बैंक खाते में अचानक खरबों रुपए आ गए। युवक के मोबाइल बैंकिंग ऐप में **1 अरब 13 लाख 55 हजार करोड़ रुपए** की राशि दिखाई दे रही थी। यह रकम इतनी बड़ी है कि इसे देखकर न सिर्फ युवक और उसका परिवार, बल्कि बैंक अधिकारी और पुलिस भी हैरान रह गए।
मामला दनकौर थाना क्षेत्र के ऊंची दनकौर गांव का है। यहाँ रहने वाले 20 वर्षीय दीपक ने जब अपना मोबाइल बैंकिंग ऐप चेक किया, तो उसके खाते में 36 अंकों की एक अविश्वसनीय राशि देखकर उसके होश उड़ गए। इतनी बड़ी रकम को उसका परिवार पढ़ भी नहीं पा रहा था। घबराहट में परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
**पुलिस और आयकर विभाग हुए अलर्ट**
अविश्वसनीय लेन-देन की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। बैंक अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया। एहतियात के तौर पर बैंक ने तुरंत दीपक के खाते को फ्रीज कर दिया है, ताकि किसी भी तरह का लेन-देन न हो सके।
**तकनीकी गड़बड़ी या साइबर फ्रॉड की आशंका**
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह विशालकाय राशि बैंक के मुख्य सिस्टम में दर्ज नहीं है, बल्कि सिर्फ दीपक के मोबाइल बैंकिंग ऐप पर ही दिख रही है। इससे अधिकारियों को शक है कि यह या तो कोई बड़ी तकनीकी गड़बड़ी है या फिर किसी बड़े साइबर फ्रॉड की कोशिश हो सकती है। बैंक और साइबर विशेषज्ञ मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।