शादी से 4 दिन पहले दुल्हन का अपहरण, मां-भाई की आंखों में मिर्च झोंककर ले उड़े बदमाश!

Update: 2026-02-18 11:59 GMT

 पुणे । महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। इंदापुर तालुका के भिगवन में फिल्मी स्टाइल में एक 21 वर्षीय युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। वारदात उस वक्त हुई जब युवती अपने परिवार के साथ शादी की खरीदारी कर लौट रही थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया।

मिर्च पाउडर का इस्तेमाल और आंखों के सामने अपहरण

जानकारी के अनुसार, युवती की शादी आगामी 22 फरवरी को होनी तय थी। बुधवार को वह अपनी मां और भाई के साथ बाजार से शादी का सामान खरीदकर घर लौट रही थी। इसी दौरान पड़ोस के ही दो युवकों ने उनका रास्ता रोका और अचानक मां-भाई की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। जब तक पीड़ित कुछ समझ पाते, आरोपी युवती को जबरन अपनी चार पहिया गाड़ी में डालकर रफूचक्कर हो गए।

शादी की खुशियां मातम में बदली, 6 टीमें कर रही तलाश

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक और युवती का घर पास-पास ही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले एक महीने से उनके बीच फोन पर बातचीत हो रही थी। हालांकि, दिनदहाड़े हुए इस अपहरण ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भिगवन पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए 6 विशेष टीमें गठित की हैं, लेकिन फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

इलाका बंद, हाईवे जाम और 'जन आक्रोश' का ऐलान

इस दुस्साहसिक वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस थाने के बाहर धरना दिया और पुणे-सोलापुर हाईवे को जाम कर दिया। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज भिगवन बंद का आह्वान किया गया है। साथ ही, हिंदू जन आक्रोश मोर्चा निकालने की भी घोषणा की गई है, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। पुलिस ने सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Similar News

दिल दहला देने वाली वारदात:: बेटे को बचाने आए पिता की आंखों के सामने हत्या