दिल दहला देने वाली वारदात:: बेटे को बचाने आए पिता की आंखों के सामने हत्या
नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली का नंद नगरी इलाका मंगलवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। एक 15 साल के मासूम बेटे को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाने पहुंचे पिता को बेरहम बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। पत्नी और बेटे की चीखों के बीच पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
मंजर देख कांप गई रूह: बचाने आए थे पिता, खुद बन गए शिकार
सोचिए उस पत्नी और मासूम बेटे पर क्या गुजरी होगी, जिसकी आंखों के सामने ही उसके रक्षक के प्राण पखेरू उड़ गए। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद उमरदीन के रूप में हुई है। उमरदीन अपने परिवार के साथ नंद नगरी में रहते थे। उनके परिवार में चार बेटियां, एक बेटा तहजीम और पत्नी राबिया हैं। बेटा तहजीम 10वीं कक्षा का छात्र है और इन दिनों उसके बोर्ड एग्जाम चल रहे हैं।
ट्यूशन से लौटते वक्त हुआ विवाद
घटनाक्रम के अनुसार, मंगलवार शाम तहजीम ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। ए-2 ब्लॉक के पास उसने देखा कि कुछ युवक उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर रहे हैं। बीच-बचाव की कोशिश में हमलावरों ने तहजीम को भी दबोच लिया और उसे पीटने लगे। डरे हुए बेटे ने तुरंत फोन कर अपने पिता को मदद के लिए बुलाया।
पत्नी के सामने पति को मारी गोली
सूचना मिलते ही उमरदीन अपनी पत्नी राबिया के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हमलावरों से अपने बेटे को छोड़ने की मिन्नतें कीं, लेकिन खून सवार बदमाशों ने रहम दिखाने के बजाय अपनी बंदूक निकाल ली। देखते ही देखते हमलावरों ने उमरदीन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगते ही उमरदीन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और हमेशा के लिए अपनी आंखें मूंद लीं।
पुलिस जांच और फरार आरोपी
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
