भीषण हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, पिता-पुत्र सहित तीन की दर्दनाक मौत

Update: 2026-02-18 10:23 GMT

 रायबरेली । रायबरेली-प्रतापगढ़ रोड पर डीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अनियंत्रित कार बिजली पावर हाउस के पास एक पेड़ से जा टकराई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।

शादी में शामिल होने आ रहे थे, रास्ते में मिली मौत

यह हृदय विदारक घटना उस समय हुई जब बुलंदशहर निवासी मुकेश (40 वर्षीय) और उनके पुत्र दिव्यांश (20 वर्षीय), तथा अलीगढ़ निवासी रामू (20 वर्षीय), प्रतापगढ़ के सांगीपुर निवासी विष्णु ठाकुर मिश्रा की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए आ रहे थे। तीनों सुबह नौचंदी एक्सप्रेस से रायबरेली स्टेशन पहुंचे थे।

इन्हें लेने के लिए चंदर और अभिषेक इको स्पोर्ट्स कार से रायबरेली गए थे। वापस प्रतापगढ़ आते समय कार जैसे ही पावर हाउस के पास पहुंची, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बोनट दूर जा गिरा।

हादसे से कोहराम, स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। भीषण मंजर देख लोग सहम गए और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने घायलों को कार से बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।

तीन की मौत, दो गंभीर

सूचना पाकर मौके पर पहुंची डीह थाना पुलिस ने तत्काल घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने मुकेश, दिव्यांश और रामू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चंदर और अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Similar News

दिल दहला देने वाली वारदात:: बेटे को बचाने आए पिता की आंखों के सामने हत्या