भाजपा में नई युवा टीम की तैयारी: नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन में होगा पीढ़ी परिवर्तन
नई दिल्ली भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अब राष्ट्रीय संगठन की नई टीम में भी पीढ़ी परिवर्तन की झलक दिखाई देगी। पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में युवा और अनुभव के बीच संतुलन बनाते हुए कई नए नेताओं को मौका मिलेगा।
सूत्रों के अनुसार, नई टीम की औसत उम्र लगभग 55 वर्ष रखने की योजना है, जिसके लिए पार्टी में मंथन शुरू हो गया है। अध्यक्ष बनने के अगले ही दिन नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय में मैराथन बैठक की और एक-एक राज्य की ताजा राजनीतिक स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। आगामी लोकसभा चुनाव नितिन और उनकी नई टीम की अगुवाई में लड़ा जाएगा, इसलिए टीम में ऐसे युवाओं को स्थान मिलेगा जिनमें सांगठनिक क्षमता और भविष्य में नेतृत्व दिखाने की योग्यता हो।
अध्यक्ष पद तय होते ही पार्टी में शीर्ष स्तर पर नई टीम पर मंथन शुरू हो गया था। इसके लिए विभिन्न राज्यों के युवा नेताओं की सूची तैयार की गई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि युवा टीम बनाने में अड़चन नहीं है क्योंकि केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल वरिष्ठ नेता अब भी संगठन को अपने अनुभव का लाभ देंगे।
बैठक में पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुद्दुचेरी में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गई। नितिन ने कहा कि पार्टी पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त है और केरल में भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है। साथ ही महाराष्ट्र और स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की सफलता पर भी चर्चा हुई। उन्होंने पार्टी की बूथ और मंडल इकाइयों को मजबूत करने और पदाधिकारियों को संगठनात्मक मार्गदर्शन देने पर जोर दिया।
बैठक में कांग्रेस द्वारा देश के विकास कार्यक्रमों और अधिनियमों के खिलाफ अपनाई जा रही नकारात्मक राजनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस संबंध में नितिन नवीन और निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मार्गदर्शन दिया।
