'वैश्विक कूटनीति विश्वास पर चलती है, वंशवाद पर नहीं' – पुतिन डिनर विवाद पर भाजपा का हमला
नई दिल्ली | भारत रूस संबंधों पर जारी राजनीतिक बहस के बीच भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कठघरे में खड़ा किया है। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि भारत और रूस की मजबूत मित्रता वैश्विक स्तर पर सराहना पाती है, लेकिन देश में एक विशेष समूह इसे कमतर दिखाने और राहुल गांधी द्वारा गढ़े गए गलत नैरेटिव को आगे बढ़ाने की कोशिश करता रहता है। भाटिया ने कहा कि वैश्विक कूटनीति विश्वसनीयता पर चलती है, न कि वंशवाद पर, और यह सवाल उठाया कि क्या केवल किसी परिवार से आने के कारण राहुल गांधी को हर मंच पर गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता होते हुए भी राहुल गांधी कई राष्ट्रीय और संवैधानिक कार्यक्रमों से दूरी बनाते रहे हैं।
इस विवाद पर भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि राज्य भोज के निमंत्रण हमेशा तय प्रोटोकॉल के आधार पर होते हैं। उन्होंने तंज कसा कि यदि राहुल गांधी को इतना ही शौक है तो वह शशि थरूर को विदेश मामलों की समिति से हटाकर खुद अध्यक्ष क्यों नहीं बन जाते। चंद्रशेखर के अनुसार हर बार निमंत्रण न मिलने पर शिकायत करना पूर्णतः अपरिपक्वता है।