भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन की पहली अहम बैठक, विकसित भारत के लिए पार्टी को देंगे निर्देश

Update: 2026-01-20 18:10 GMT

नई दिल्ली |नितिन नवीन को 20 जनवरी को औपचारिक तौर पर भाजपा का नया अध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही भाजपा एक नई ऊर्जा के साथ काम करना शुरू करेगी। नितिन ने अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्षों, संगठन मंत्रियों की उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। पार्टी के मुख्यालय में होने वाली यह बैठक शाम तक चलने की संभावना है। इस बैठक में पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष सहित कुछ उच्च पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। अपनी पहली औपचारिक बैठक के जरिए नितिन नवीन पार्टी को बड़ा संदेश देने की कोशिश कर सकते हैं।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 2047 के विकसित भारत के समय के लिए तैयार रहने की बात कही है। नितिन नवीन के पार्टी अध्यक्ष घोषित होने के अवसर पर भी उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को यही संदेश दिया है कि वे आने वाले समय की चुनौतियों और जिम्मेदारियों को देखते हुए आगे बढ़ें।

वर्तमान पीढ़ी को लेकर क्या बोले नवीन?

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि हर काल में पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने हिस्से का त्याग-तपस्या करनी पड़ती है। विकसित भारत के लिए वर्तमान पीढ़ी को भी अपने हिस्से का त्याग करना चाहिए। वे प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में इसी बात को आगे बढ़ाने का निर्देश दे सकते हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में नितिन नवीन पार्टी को नई दिशा में मजबूती के साथ आगे बढ़ाने के संकेत दे सकते हैं। ज्यादातर राज्यों में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए जा चुके हैं। ऐसे में अब राज्य स्तरीय संगठन में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन आगामी चुनावी राज्यों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन के लिए वे कार्यकर्ताओं को तैयार रहने की बात कह सकते हैं।

औपचारिक अनुमोदन के लिए पार्टी की शीर्ष स्तरीय बैठक

नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद एक से दो महीने के अंदर पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें नितिन नवीन की नियुक्ति को पार्टी का औपचारिक अनुमोदन मिल सकेगा। नए अध्यक्ष इस बैठक की तैयारियों के बारे में भी निर्देश दे सकते हैं।

Similar News

साल 2026 का पहला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी को:: आसमान में दिखेगा 'रिंग ऑफ फायर' का अद्भुत नजारा