चिपके बालों से हैं परेशान? अपनाएं ये खास टिप्स, वापस लौट आएगा बालों का 'बाउंस' और वॉल्यूम
घने और बाउंसी बाल हर किसी की चाहत होते हैं, लेकिन कई बार अच्छी केयर के बावजूद बाल स्कैल्प से चिपके और बेजान नजर आते हैं। माथे के पास बालों का चपटा दिखना न सिर्फ लुक खराब करता है, बल्कि आपके आत्मविश्वास को भी कम कर देता है। दरअसल, इसके पीछे हेयर केयर और स्टाइलिंग से जुड़ी कुछ आम गलतियां होती हैं। आइए जानते हैं कि किन आदतों को बदलकर आप अपने बालों को दोबारा हैवी और बाउंसी बना सकती हैं।
इन गलतियों से कम होती है बालों की वॉल्यूम
एक ही हेयरस्टाइल रखना: रोजाना बालों को कसकर पोनीटेल या एक ही स्टाइल में बांधने से उनका नेचुरल बाउंस खत्म हो जाता है। बालों का मुड़ाव एक ही दिशा में सेट होने से वे खोलने पर भी चपटे दिखते हैं।
गलत शैंपू और कंडीशनर: अगर आपके बाल हल्के हैं और आप बहुत ज्यादा मॉइस्चराइजर वाला शैंपू या हैवी कंडीशनर इस्तेमाल कर रही हैं, तो बाल सूखने के बाद भी चिपके रहेंगे।
कंडीशनर लगाने का गलत तरीका: कंडीशनर हमेशा बालों के सिरों (Ends) के लिए होता है। इसे स्कैल्प (जड़ों) पर लगाने से जड़ें ऑयली हो जाती हैं और बाल फ्लैट नजर आते हैं।
हीट स्टाइलिंग टूल्स: रोजाना ब्लो ड्रायर, स्ट्रेटनर या कर्लिंग आयरन का इस्तेमाल बालों की नेचुरल बनावट को डैमेज कर देता है, जिससे धीरे-धीरे उनकी वॉल्यूम खत्म हो जाती है।
इंस्टेंट बाउंस के लिए अपनाएं ये स्टाइलिंग टिप्स
पार्टिंग बदलें: अगर आप हमेशा लेफ्ट साइड से मांग निकालती हैं, तो इसे राइट साइड करना शुरू करें। इससे क्राउन एरिया (सिर के ऊपरी हिस्से) पर तुरंत वॉल्यूम नजर आएगी।
उल्टी दिशा में कंघी: सिर को आगे की ओर झुकाकर बालों को नीचे की तरफ कंघी करें। यह बालों को तुरंत बाउंस देने का सबसे आसान तरीका है।
ओवरनाइट बैलेरीना बन: रात को सोते समय बालों को हल्का ट्विस्ट करके 'बैलेरीना बन' (जूड़ा) बना लें और सिल्क स्क्रंची का इस्तेमाल करें। सुबह बाल खोलने पर आपको शानदार बाउंस मिलेगा।
कैसे बढ़ाएं बालों की नेचुरल वॉल्यूम?
हेयर मास्क: हफ्ते में एक बार अंडा और दही का मिश्रण या एलोवेरा जेल, शहद, आंवला पाउडर और दही का मास्क लगाएं। यह बालों को जड़ से मजबूती और चमक देता है।
नियमित ट्रिमिंग: बालों के सिरों को समय-समय पर ट्रिम करवाते रहें। जब बाल बहुत लंबे और नीचे से भारी हो जाते हैं, तो वजन के कारण ऊपर से चपटे दिखने लगते हैं। ट्रिमिंग से बालों का वजन संतुलित रहता है और वे बाउंसी दिखते हैं।
