नगरपरिषद सीमा वृद्धि में जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में मिलेगी रोजगार की गारंटी
निम्बाहेड़ा।
नगर पालिका निम्बाहेड़ा के नगर परिषद में क्रमोन्नत होने के बाद सीमा वृद्धि के चलते नगर सीमा से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों के महात्मा गांधी रोजगार योजना से वंचित होने से नगरीय सीमा में नगर परिषद के द्वारा मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के निर्देश पर नगर परिषद निम्बाहेड़ा द्वारा 28 जून से 11 जून तक विभिन्न स्थानों पर पंजीयन एवं दस्तावेज सत्यापन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उक्त जानकारी देते हुए नगर परिषद आयुक्त कौशल कुमार खटूमरा ने बताया कि नगरीय सीमा से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों को मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना में पंजीयन के लिए विधायक कृपलानी के निर्देश पर 28 मई को रानीखेड़ा, 29 मई को मड्डा गुलफरोशान, 30 मई को कल्याणपुरा, 2 जून को अहिरपुरा, 3 जून को सिगरी, 4 जून को बृजविहार (बोराखेड़ी), 5 जून को चांदखेड़ा, 6 जून को पिपलिया कलां, 9 जून को अम्बनागर, 10 जून को अम्बेडकर भवन, कच्ची बस्ती एवं 11 जून को अटल नगर क्षेत्र में मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के पंजीयन एवं दस्तावेज सत्यापन तथा जॉब कार्ड की कार्यवाही की जाएगी। खटूमरा ने रोजगार योजना के पात्र व्यक्तियों को आवश्यक दस्तावेज के रूप में जन आधार, बैंक खाता एवं जन आधार से जुड़ा मोबाइल नम्बर साथ लाने का आग्रह किया है।