डोटासरा की टिप्पणी पर भाजपा का हंगामा, अजमेर में पुतला दहन

Update: 2025-09-14 10:21 GMT


अजमेर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा द्वारा विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी घमासान तेज हो गया है। रविवार को भाजपा ने अजमेर के गांधी भवन पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए डोटासरा के खिलाफ मोर्चा खोला। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोटासरा का पुतला उठाकर उसकी शव यात्रा निकाली और नारेबाजी करते हुए जूतों की माला पहनाकर पुतला दहन किया।

भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि डोटासरा ने पांचवीं बार विधानसभा पहुंचे स्पीकर वासुदेव देवनानी के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया है, वह लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है। उन्होंने इसे न केवल देवनानी का, बल्कि पूरे विधानसभा का अपमान बताया।

भाजपा नेताओं ने मंच से चेतावनी देते हुए कहा कि—

“देवनानी का अपमान हम कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। कांग्रेस के नेता मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं और अब अपने ही नेताओं को नीचा दिखाकर अंक बटोरने की राजनीति कर रहे हैं। यही वह पार्टी है, जो ब्लैकमेल कांड जैसी घटनाओं में संलिप्त रही है और अब जनता को गुमराह करने के लिए असंसदीय भाषा का सहारा ले रही है।”

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कांग्रेस नेताओं से महिलाओं के सम्मान की उम्मीद करना भी बेमानी है। जो व्यक्ति विधानसभा अध्यक्ष के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर सकता है, उसे सदन में बैठने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए। भाजपा ने मांग की कि डोटासरा को उनके पद से हटाया जाए और विधानसभा से निष्कासित किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे

Similar News