हाईवे पर चलता केमिकल टैंकर बना आग का गोला: भांकरोटा में जयपुर अजमेर हाईवे पर टायर से उठी चिंगारी, पुलिस और दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा विस्फोट
जयपुर। जयपुर अजमेर हाईवे पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते होते टल गया, जब भांकरोटा क्षेत्र में केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक आग भड़क उठी। रामचन्द्रपुरा पुलिया के ऊपर हुए इस घटनाक्रम से कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में दहशत फैल गई। टैंकर से उठते धुएं और लपटों को देखकर दूसरे वाहन चालक घबरा गए और अपने वाहन छोड़कर सड़क से दूर भागने लगे। कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
तीस हजार लीटर केमिकल लेकर जा रहा था टैंकर
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 बजकर 45 मिनट पर हुआ। अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा टैंकर लगभग तीस हजार लीटर मिथाइल केमिकल लेकर जा रहा था। जैसे ही टैंकर पुलिया पर चढ़ा, उसके टायर के पास से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते निचले हिस्से में आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में धुआं उठने लगा और आग की लपटें साफ दिखाई देने लगीं।
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
चलते टैंकर में आग लगते ही आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों में खौफ फैल गया। राहगीरों ने ड्राइवर को तुरंत इसकी सूचना दी। हालात भांपते हुए चालक ने टैंकर को सड़क किनारे रोका और नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। अन्य वाहन चालक भी संभावित विस्फोट के डर से अपने वाहन छोड़कर दूर खड़े हो गए। भांकरोटा में पहले हुए बड़े अग्निकांड की याद ताजा होते ही लोगों में और ज्यादा भय फैल गया।
पुलिस बनी फायर फाइटर
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही भांकरोटा थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ कॉन्स्टेबल बाबूलाल और सुनील के साथ मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी खुद फायर फाइटर बन गए। उन्होंने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास शुरू कर दिया और फायर ब्रिगेड के आने तक लगातार मोर्चा संभाले रखा।
दमकल की गाड़ियों ने पाया पूरी तरह काबू
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग केमिकल टैंक तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था और जान माल का भारी नुकसान तय था। आग बुझने के बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारु कराया। थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया कि समय रहते पुलिस और दमकल की कार्रवाई से एक भीषण हादसा टल गया।
