दो ईनामी तस्कर गिरफ्तार

By :  vijay
Update: 2026-04-05 14:53 GMT


चित्तौड़गढ़ मुकेश मूंदड़ा । एडीजी पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई में जिले से संबंधित महत्वपूर्ण सफलताएं हाथ लगी हैं। चित्तौड़गढ़ में टीम ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में इनामी तस्करों को हथियारों और अवैध मादक पदार्थों के साथ दबोचा है। जिले के साडास थाना क्षेत्र के तुम्बडिया गांव में एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की। श्रीगंगानगर जिले से 5 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी गोवर्धन लाल गाडरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी गांव के ही एक मंदिर में छिपकर मत्था टेक रहा था और प्रार्थना कर रहा था कि वह पकड़ा न जाए। टीम ने मंदिर की घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। गोवर्धन अफीम और डोडाचूरा तस्करी का पुराना खिलाड़ी है। वह 2011 से तस्करी में लिप्त है और जोधपुर व श्रीगंगानगर में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। आरोपी गिरफ्तारी के डर से खेतों और कुओं पर छिपा रहता था, जहां परिवार के लोग उसे टिफिन पहुंचाते थे। टीम ने दूसरी कार्यवाही में बस्सी थाना क्षेत्र में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ ने बिना नंबर की क्रेटा कार को रुकवाकर 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी प्रहलाद गुर्जर और उसके साथी गिरधारी लाल को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 12 बोर की एक बंदूक और 09 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी प्रहलाद भीलवाड़ा और मध्य प्रदेश के नीमच जिले में भारी मात्रा में डोडाचूरा तस्करी के मामलों में वांछित था। वह पूर्व में फायरिंग की घटनाओं में भी शामिल रहा है। आरोपियों ने नाकाबंदी देखकर कार भगाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया। पकड़े जाने के समय आरोपी डर के मारे पसीने-पसीने हो रहे थे।

Similar News