भ्रष्टाचार के कारण जल जीवन मिशन में हुई देरी, अब 2028 तक हर घर पहुँचेगा पानी-सांसद जोशी
चित्तौड़गढ़ मुकेश मूंदड़ा । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन की अवधि दिसंबर 2028 तक बढ़ाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण भारत के लिए ऐतिहासिक बताया। सांसद जोशी ने कहा कि राजस्थान की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कारण जल जीवन मिशन की गति धीमी हुई, जिससे जनता समय पर पेयजल की सुविधा से वंचित रह गई। इसी कारण मिशन की समयसीमा 2026 से बढ़ाकर 2028 की गई है। उन्होंने बताया कि उनके निरंतर प्रयासों से चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिलों के लिए हजारों करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। चित्तौड़गढ़ के 648 गाँवों के लिए 2249.89 करोड़ की स्वीकृति, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर के 1473 गाँवों के लिए 3529.90 करोड़ के कार्य, उदयपुर और सलूंबर के गाँवों के लिए 675.68 करोड़ की योजना प्रगति पर, अमृत 2.0 योजना संसदीय क्षेत्र के विभिन्न नगर निकायों में 108 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। सांसद जोशी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के समन्वय से निर्धारित समय सीमा के भीतर हर ग्रामीण घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध करा दिया जाएगा।