शिक्षा विभाग की नई पहल: छात्रों को मिलेगा नाम बदलने का अवसर, नशा करने वाले शिक्षकों पर सख्ती

Update: 2026-04-09 04:40 GMT

जयपुर। प्रदेश के शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र से दो महत्वपूर्ण पहल लागू करने की तैयारी की है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि अब ऐसे विद्यार्थियों को अपना नाम बदलने का अवसर दिया जाएगा, जिनके नाम निरर्थक या असंगत शब्दों पर आधारित हैं। विभाग की ओर से छात्रों को सार्थक और सकारात्मक नाम सुझाए जाएंगे, जिसके बाद अभिभावकों की सहमति से वे अपने नाम और उपनाम में बदलाव कर सकेंगे।

मंत्री ने कहा कि कई बार अभिभावक बच्चों के नाम ऐसे रख देते हैं, जिनके कारण आगे चलकर बच्चों को असहजता या परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है।

दूसरी ओर, शिक्षा विभाग ने नशा करने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विभाग ऐसे शिक्षकों की सूची तैयार कर रहा है जो धूम्रपान करते हैं या गुटखा, तंबाकू और शराब का सेवन करते हैं। दिलावर ने बताया कि कई मामलों में शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं या स्कूल परिसर में तंबाकू उत्पादों का सेवन करते हैं, जिससे विद्यार्थियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने बताया कि सभी जिलों के अधिकारियों को ऐसे शिक्षकों की सूची जल्द तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सूची मिलने के बाद इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

इसके साथ ही, विभाग ने स्कूलों में पूर्व छात्र परिषद (एलुमनाई एसोसिएशन) के गठन का भी निर्णय लिया है। साल में एक बार पूर्व छात्रों का मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिससे स्कूल और पूर्व विद्यार्थियों के बीच संबंध मजबूत होंगे।

मंत्री ने बताया कि इस बार सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है। उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्रों का स्कूल स्तर पर सम्मान भी किया जाएगा।

भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा

Similar News