एसआईआर में कटे 41.85 लाख वोटर पंचायत चुनाव में कर सकेंगे मतदान

Update: 2026-01-05 03:08 GMT



 एसआईआर के तहत हटाए गए 41.85 लाख मतदाताओं का असर आगामी पंचायत चुनावों की मतदाता सूची पर नहीं पड़ेगा। राज्य निर्वाचन विभाग पंचायत चुनाव के लिए अलग मतदाता सूची तैयार कर रहा है, जिसका आधार 7 जनवरी 2025 की मतदाता सूची को बनाया गया है।

7 जनवरी 2025 की सूची बनी आधार

इस तिथि की मतदाता सूची में प्रदेश में कुल 5.45 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके बाद एसआईआर प्रक्रिया के तहत वर्ष 2002 की मतदाता सूची से मैपिंग कर करीब 41.85 लाख नाम हटाए गए, जिससे वर्तमान में प्रदेश की मतदाता संख्या घटकर लगभग 5.04 करोड़ रह गई है। बावजूद इसके, पंचायत चुनावों में पुरानी आधार सूची लागू होने से हटाए गए मतदाता भी वोट डाल सकेंगे।

29 जनवरी को प्रारूप, 15 फरवरी को अंतिम सूची

पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची का प्रारूप 29 जनवरी को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद आपत्तियों और दावों की प्रक्रिया पूरी कर 15 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसी सूची के आधार पर मतदान कराया जाएगा।

नई ग्राम पंचायतों में भी होंगे चुनाव

प्रदेश में इस बार 3443 नई ग्राम पंचायतों का गठन किया गया है। इसके चलते कुल 14600 पंचायतों, 437 पंचायत समितियों और 41 जिला परिषदों में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।

तीन स्तर पर बनेगी मतदाता सूची

पंचायत चुनाव के लिए तीन प्रकार की मतदाता सूचियां तैयार की जाएंगी। पहली ग्राम पंचायत के प्रत्येक वार्ड की मतदाता सूची होगी। दूसरी पंचायत समिति के निर्वाचन क्षेत्र की सूची बनेगी और तीसरी जिला परिषद के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची तैयार की जाएगी। पंचायत समिति और जिला परिषद की सूचियां संबंधित ग्राम पंचायत वार्डों की सूचियों को जोड़कर बनाई जाएंगी। हालांकि इन सभी सूचियों का प्रकाशन अलग अलग किया जाएगा।

Similar News