जीएसटी का बड़ा एक्शन: सोलर कारोबारियों पर छापेमारी, मौके पर वसूले 75 लाख रुपये नकद
श्रीगंगानगर। राजस्थान स्टेट जीएसटी विभाग ने प्रधानमंत्री सूर्य घर और कुसुम योजना के तहत सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने वाले कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्य आयुक्त कुमार पाल गौतम के निर्देश पर मंगलवार को श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में 6 सोलर कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान कर चोरी पकड़े जाने पर 4 फर्मों ने स्वेच्छा से 75 लाख रुपये नकद राजकोष में जमा कराए हैं, वहीं 2 अन्य फर्मों के दस्तावेजों की जांच जारी है।
विभाग ने इस विशेष सर्च ऑपरेशन के लिए 6 टीमों का गठन किया था, जिसमें 23 अधिकारी शामिल थे। श्रीगंगानगर में 3 और हनुमानगढ़ में 3 व्यवसायिक स्थलों पर यह कार्रवाई की गई। स्टेट जीएसटी के अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) रामेन्द्र शर्मा ने बताया कि ये फर्में उपभोक्ताओं से एडवांस सब्सिडी तो ले लेती थीं, लेकिन नियमानुसार जीएसटी का भुगतान समय पर नहीं कर रही थीं।
कर चोरी का अनोखा तरीका
सोलर रूफटॉप प्रोजेक्ट में 70% हिस्सा गुड्स (5% जीएसटी) और 30% सर्विस (18% जीएसटी) माना जाता है। जांच में सामने आया कि कई फर्में इस अनुपात का पालन नहीं कर रही थीं। साथ ही, एडवांस सब्सिडी मिलने के बाद भी टैक्स जमा करने में देरी की जा रही थी। विभाग ने पिछले तीन दिनों तक ऑनलाइन डेटा एनालिसिस और भौतिक रेकी करने के बाद यह सख्त कदम उठाया है।
इस कार्रवाई में संयुक्त आयुक्त प्रदीप कुमार, उपायुक्त सुमित शेखावत सहित हिमांशु पारीक, भीमसिंह, वेदप्रकाश, रविशंकर और अख्तर अली के नेतृत्व वाली टीमों ने मुख्य भूमिका निभाई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अन्य फर्मों के डेटा की भी जांच चल रही है और कर चोरी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
