अनुकंपा नियुक्ति के बदले मांगी 80 हजार रिश्वत
चित्तौड़गढ़ जिले में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें अनुकंपा नियुक्ति के बदले में रिश्वत मांगी गई। इस पूरे मामले में चित्तौड़गढ़ के सीएमएचओ ऑफिस के प्रशासनिक अधिकारी मांगीलाल खटीक और वरिष्ठ सहायक नईम वेग पर आरोप लगा है कि उन्होंने एक युवक से नौकरी दिलाने के बदले 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई थी, लेकिन ऐन मौके पर कार्रवाई फेल हो गई। इसके बावजूद रिकॉर्डिंग और सबूतों के आधार पर अब आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
परिवादी युवक कोटपुतली-बहरोड़ जिले का रहने वाला है। उसके पिता चिकित्सा विभाग में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग सीएमएचओ चित्तौड़गढ़ कार्यालय में थी। एक मार्च 2022 को एक सड़क दुर्घटना में उनके पिता की मौत हो गई। उस समय परिवादी नाबालिग था। बालिग होने और 12वीं पास करने के बाद उसने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया। दो सितंबर 2024 को उसने सभी ज़रूरी दस्तावेज चित्तौड़गढ़ में जमा कराए। इसके बाद उसकी फाइल 2 दिसंबर 2024 को जयपुर स्थित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा निदेशक कार्यालय भेजी गई।