मुख्यमंत्री विकसित शहरी अभियान के तहत आज छह स्थानों पर होंगी वार्ड सभाएं
चित्तौड़गढ़। नगर परिषद द्वारा मुख्यमंत्री विकसित शहरी अभियान के अंतर्गत शहर के सुनियोजित, समेकित, सतत एवं समग्र विकास के लिए वार्ड मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में आज शहर के छह विभिन्न स्थानों पर एक साथ वार्ड सभाओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक शहरी वार्ड के लिए वार्ड स्तरीय निरीक्षण दल गठित किए गए हैं, जो संबंधित वार्डों की डायनामिक प्रोफाइल तैयार करेंगे। इस प्रोफाइल में जनसांख्यिकीय जानकारी, आर्थिक गतिविधियां, आधारभूत सुविधाएं तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं से जुड़ी सूचनाएं संकलित की जाएंगी। इन जानकारियों के आधार पर स्थानीय वार्डवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों के साथ विचार-विमर्श कर अल्पकालिक, मध्यकालिक एवं दीर्घकालिक विकास प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे, ताकि भविष्य में क्षेत्रवार आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की ठोस योजना बनाई जा सके। अभियान के अंतर्गत आमजन से सुझाव प्राप्त करने के लिए प्रत्येक वार्ड में सुझाव पेटिकाएं भी स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा नागरिक अपने सुझाव ईमेल आईडी के माध्यम से भी भेज सकते हैं। नगर परिषद प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी सुझाव देने की अपील की है। सभी वार्ड सभाएं दोपहर 3 से सायं 5ः30 बजे तक सामुदायिक भवन, सर्वाेदय आश्रम, चंदेरिया, नगर परिषद कार्यालय, सामुदायिक भवन कुंभा नगर, सामुदायिक भवन, हाथी कुंड, अटल सामुदायिक भवन गांधीनगर एंव मीरा मंच देहली गेट में आयोजित होंगी।