अजमेर में दवा कंपनी के डायरेक्टर से करोड़ों की ठगी, 7 देशों में रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1.11 करोड़ हड़पे

Update: 2026-01-06 07:47 GMT

अजमेर |अजमेर में एक दवा कंपनी के डायरेक्टर से 7 देशों में कंपनी के प्रोडक्ट रजिस्ट्रेशन के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 7 देशों में 11 प्रोडक्ट रजिस्टर्ड करवाने का झांसा देकर 105000 यूरो यानी करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपए हड़प लिए। पीड़ित की शिकायत पर क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार सागर विहार कॉलोनी निवासी दिनेश मुरजानी उम्र 61 ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित मेलिरोन फार्मा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पंचशील में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी कंपनी अफ्रीकी देशों में दवाओं की सप्लाई का कार्य करती है, जिसके लिए संबंधित देशों में प्रोडक्ट का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होता है।

पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2023 में सेनेगल की कंपनी फार्मा डिस अफ्रीका के एजेंट सौलेमाने म्बेंगुए से संपर्क हुआ था। एजेंट ने बुर्किना फासो, माली, नाइजर, कांगो ब्रजाविल, आइवरी कोस्ट, सेनेगल सहित 7 देशों में कंपनी के 11 प्रोडक्ट रजिस्टर्ड करवाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करवाई गईं और बैंक के माध्यम से 105000 यूरो ट्रांसफर किए गए।

आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद 18 महीने बीत जाने के बाद भी एक भी देश में प्रोडक्ट का रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया गया। लगातार टालमटोल की जाती रही और जब राशि वापस मांगी गई तो वह भी नहीं लौटाई गई।

क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विदेशी एजेंट से जुड़े इस धोखाधड़ी प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।

Similar News