डंपर की चपेट में आने से मजदूर की मौत

Update: 2025-12-14 12:00 GMT


भरतपुर। राजस्थान के डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में हरियाणा सीमा से सटे ज्ञानी क्रशर प्लांट पर हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मजदूर डंपर की मरम्मत के बाद रकाब खींच रहा था।

मृतक की पहचान हरियाणा के बीबा निवासी रिजवान पुत्र दीनू के रूप में हुई है। वह पेशे से कमानी मिस्त्री था और क्रशर प्लांट पर डंपरों की मरम्मत का काम करता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार रिजवान ने पत्थरों से भरे एक डंपर की कमानी ठीक की थी। इसके बाद वह रकाब खींच रहा था, तभी अचानक डंपर आगे की ओर खिसक गया।

डंपर के अचानक चलने से रिजवान संतुलन नहीं संभाल सका और वाहन के नीचे आ गया। भारी डंपर के नीचे कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां मौजूद मजदूरों में अफरा तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पहाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्रशर प्लांट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Similar News