बड़ी सौगात: रक्षाबंधन पर आंगनबाड़ी बहनों को मिलेंगे 501 रुपए, नि:शुल्क 2 दिन बस में सफर

Update: 2025-07-28 05:30 GMT

 भीलवाड़ा हलचल . राखी पर  भजनलाल सरकार प्रदेश की करीब 1.25 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को 501 रुपए की राशि उनके खातों में रक्षाबंधन से पूर्व भेज विशेष सौगात देने जा रही है।साथ ही वे दो दिन तक राजस्थान रोडवेज में निशुल्क यात्रा भी कर सकेंगी। इससे पहले 5 अगस्त को ’आंगनबाड़ी बहन सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से यह कार्यक्रम ’सुरक्षा-सम्मान पर्व’ के तहत बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में राज्य स्तरीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा।इस दिन सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को एक-एक छाता भी भेंट किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके साथ ही जिला स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

विभाग ने इसके लिए सभी जिला कलेक्टर्स को निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में लगभग 600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं भाग लेंगी और वहां राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

सरकार का यह कदम आंगनबाड़ी बहनों के कार्यों को सम्मान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर दी गई यह सौगात महिलाओं की भूमिका और उनके योगदान को मान्यता देने का संदेश देती है।

रक्षाबंधन पर सरकार की यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान को मजबूती देती है। उम्मीद की जा रही है कि भविष्य में भी इसी तरह की योजनाएं लागू कर आंगनबाड़ी सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

Tags:    

Similar News