सीकर के खाटूश्यामजी में रोपवे का निर्माण, 70 लाख भक्तों को मिलेगी सुविधा
सीकर| विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में बाबा के दर्शनों के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही मंदिर क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए 2 किलोमीटर लंबे रोपवे की सुविधा मिल सकती है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है और योजना के संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर आपत्तियां आमंत्रित की हैं।
नगरपालिका से मंदिर तक का होगा सफर
प्रस्तावित योजना के अनुसार, यह रोपवे ट्रैफिक डायवर्जन प्वाइंट (नगरपालिका कार्यालय) से शुरू होकर गुरुजी मेडिकल होते हुए सीधे खाटूश्यामजी मंदिर तक बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के निर्माण, संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी के लिए श्री श्याम इन्फ्रा प्रोजेक्ट, जयपुर ने जिला कलेक्टर को लाइसेंस करार का ड्राफ्ट भी सौंप दिया है।
30 दिनों में दर्ज करा सकेंगे सुझाव
नगरपालिका प्रशासन ने जानकारी दी है कि इस परियोजना को लेकर आमजन से 30 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। इच्छुक नागरिक अपने सुझाव जिला कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी नगरपालिका कार्यालय से भी प्राप्त की जा सकती है।
70 लाख से अधिक श्रद्धालु: उल्लेखनीय है कि खाटूश्यामजी में प्रतिवर्ष करीब 70 लाख से ज्यादा भक्त शीश के दानी के दर्शन करने पहुंचते हैं। विशेष पर्वों और लक्खी मेले के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए, रोपवे शुरू होने से यात्रियों को पैदल चलने और ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।