प्रशिक्षु RPS पर हमला: अजमेर में सोशल मीडिया आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम से बदसलूकी, गेट घुमाकर अधिकारी को किया चोटिल

Update: 2026-03-28 08:15 GMT


अजमेर/मांगलियावास। जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र के डुमाडा गांव में शुक्रवार को कानून व्यवस्था बनाए रखने गई पुलिस टीम पर हमले और राजकार्य में बाधा डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के मामले में पूछताछ करने पहुंचे प्रशिक्षु RPS दीपेंद्र सैनी को आरोपी ने न केवल धमकाया, बल्कि उन पर जानलेवा हमला कर मौके से फरार हो गया।

"नौकरी करना भुला दूंगा": आरोपी ने दी खुली धमकी

प्रशिक्षु RPS दीपेंद्र सैनी अपनी टीम के साथ शुक्रवार दोपहर डुमाडा गांव पहुंचे थे। जब पुलिस टीम आरोपी श्यामलाल उर्फ सांवरा पुत्र भंवर लाल गुर्जर के घर पहुंची और उससे पूछताछ का प्रयास किया, तो आरोपी ने आव देखा न ताव और पुलिस को ही अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। आरोपी ने आरपीएस से कहा, "यहां से भाग जाओ वरना अंजाम बुरा होगा। तुम अभी नए हो, मुझे जानते नहीं हो, मैं तुम्हें नौकरी करना भुला दूंगा।"

घेराबंदी के दौरान किया हमला, उंगली में आई गहरी चोट

धमकी देने के बाद आरोपी अपने घर से भागने लगा। पुलिस टीम ने करीब 500 मीटर तक उसका पीछा किया। जब आरोपी एक बाड़े के भीतर घुसने लगा और RPS दीपेंद्र सैनी ने उसे पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाया, तो आरोपी ने बाड़े का भारी लोहे का गेट जानबूझकर पूरी ताकत से घुमा दिया। इस हमले में RPS का दायां हाथ गेट के बीच आ गया, जिससे उनकी उंगली में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। चोटिल होने के बावजूद पुलिस ने समझाइश की, लेकिन आरोपी बाड़े का गेट फांदकर भागने में सफल रहा।

मांगलियावास थाने में मामला दर्ज, पीसांगन थाना प्रभारी करेंगी जांच

घटना के बाद प्रशिक्षु RPS ने अपना प्राथमिक उपचार करवाया और मांगलियावास थाने पहुंचकर आरोपी श्यामलाल उर्फ सांवरा के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने और पुलिस अधिकारी पर हमला कर चोट पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पीसांगन थाना प्रभारी सरोज चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस अब फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455

Similar News