हाइवे का सफर होगा महंगा: जयपुर से जुड़ी टोल दरों में 1 अप्रेल से बढ़ोतरी, भारी वाहनों पर पड़ेगा सीधा असर
जयपुर। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही जयपुर से विभिन्न शहरों को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे की टोल दरों में वृद्धि का ऐलान किया है। आगामी 1 अप्रेल से प्रभावी होने वाली इन नई दरों के कारण वाहन चालकों को 5 रुपये से लेकर 20 रुपये तक का अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा। राहत की बात यह है कि इस बढ़ोतरी से निजी कार और एसयूवी (LMV श्रेणी) को फिलहाल बाहर रखा गया है।
हल्के वाहनों को राहत, कॉमर्शियल वाहनों पर भार
NHAI द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, कार, जीप और एसयूवी जैसे हल्के वाहनों (LMV) के लिए टोल दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से हल्के कॉमर्शियल वाहनों और भारी मालवाहक वाहनों के लिए की गई है। हालांकि, कार और एसयूवी के लिए बनने वाले सालाना पास की कीमत में ₹75 की बढ़ोतरी की गई है, जो अब ₹3000 के स्थान पर ₹3075 में बनेगा।
इन प्रमुख टोल प्लाजा पर लागू होंगी नई दरें:
जयपुर के चारों ओर स्थित प्रमुख टोल बूथों पर जेब ढीली करनी होगी:
जयपुर-दिल्ली पुराना हाईवे: दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल।
जयपुर-किशनगढ़ हाईवे: ठीकरिया और बड़गांव टोल।
रिंग रोड: सीतारामपुरा और हिंगोनिया टोल।
जयपुर-सीकर हाईवे: टाटियावास टोल बूथ।
WPI के आधार पर तय हुई दरें
हाईवे पर टोल टैक्स की गणना होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर की जाती है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय हर साल इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं जैसे फ्लाईओवर, अंडरपास और टनल के आधार पर इन रेटों का मूल्यांकन करता है। रिंग रोड पर निजी वाहनों के अलावा हल्के कॉमर्शियल वाहनों को भी इस बढ़ोतरी से मुक्त रखा गया है, वहां केवल भारी वाहनों के रेट बढ़े हैं।
सालाना पास भी हुआ महंगा
निजी वाहन चालकों के लिए टोल भले ही न बढ़ा हो, लेकिन सालाना पास बनवाने वालों को अब ₹75 अधिक देने होंगे। वर्तमान में यह पास ₹3000 में बनता है, जिसमें एक वर्ष की वैधता या 200 बार टोल पार करने की सीमा निर्धारित होती है। 1 अप्रेल से सभी टोल प्लाजा पर यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
