स्कूल की भूमि से हटा अवैध कब्जा, प्रशासन ने पीला पंजा चलाकर खाली कराई जमीन
बदनोर (हलचल)। उपखंड क्षेत्र के सुराज गांव में शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की कीमती भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई उपखंड अधिकारी (एसडीएम) नीतू करोल के निर्देशों पर 'राजस्थान संपर्क पोर्टल' पर दर्ज परिवाद के निस्तारण के तहत अमल में लाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तहसीलदार बदनोर और विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। ग्राम विकास अधिकारी गणेश जोनवाल ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए पंचायत प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर और अन्य आवश्यक संसाधन मुहैया कराए गए, जिसकी मदद से अवैध निर्माण और कब्जों को ढहा दिया गया।
भविष्य में भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
राजस्व अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई, तो संबंधित पक्षों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर संस्था प्रधान, गिरदावर, पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ सहायक सहित विद्यालय स्टाफ और पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।