चित्तौड़गढ़, । भू-संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 (जलग्रहण विकास घटक) के तहत जलग्रहण विकास एवं भूसंरक्षण विभाग जयपुर द्वारा जिले में जलग्रहण यात्रा 22 फरवरी से 28 फरवरी तक रहेगी। यह जानकारी मंगलवार को ग्रामीण विकास सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद् विनय पाठक के निर्देशानुसार अधीक्षण अभियंता वाटरशेड बद्रीलाल जाट ने उपस्थित अधिकारियों को दी। उन्होने बताया कि भू जल की कमी और जलवायु परिवर्तन के कारण जल संकट की समस्या गम्भीर होती जा रही है और वर्षा जल को भूमि में समाहित करने से भू-जल स्तर में वृद्धि होती है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण को बढ़ावा देने और जलग्रहण विकास के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 22 फरवरी को पंचायत समिति भदेसर के ग्राम पंचायत कन्नौज में, 23 फरवरी को कपासन की उमण्ड ग्राम पंचायत के ग्राम दांतोली, 25 फरवरी को भूपालसागर की ताणा, 26 फरवरी को डूंगला की चिकारड़ा, 27 फरवरी को बड़ीसादड़ी के बोहेड़ा एवं 28 निम्बाहेड़ा के मिण्डाना में जायेगी।
उन्होने बताया कि यात्रा के दौरान ग्रामीण समुदाय से जल संसाधनों के सतत विकास को सुनिश्चित करने, चारागाह विकास कार्यो को प्रोत्सहित करने, जल प्रबंधन, जल संचय और संरक्षण के आधुनिक पद्धतियों पर चर्चा की जायेगी। साथ ही क्षेत्र में प्रभात फेरी, कलश यात्रा, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, कठपूतली प्रदर्शन, श्रमदान, पौधारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाकर यात्रा का सफल बनाया जायेगा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण, पी.एच.ई.डी., मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र, उप निदेशक उद्यान, अधिशाषी अभियंता नगर विकास न्यास, वाटरशेड महात्मा गांधी नरेगा, नगर परिषद सहित कृषि विभाग, जल संसाधन विभाग आदि के अधिकारीगण उपस्थित थें।