पूर्व मंत्री कृपलानी ने किया शिविरों का शुभारंभ, पात्र लोगों को मिले योजनाओं के लाभ

Update: 2025-06-26 15:01 GMT



चित्तौड़गढ़, । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत निम्बाहेड़ा उपखण्ड की ग्राम पंचायत गुड़ाखेड़ा एवं नरसिंहगढ़ में गुरुवार को बहुविभागीय प्रशासनिक सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का शुभारंभ पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि अध्यक्षता उपखंड अधिकारी एवं पखवाड़ा प्रभारी श्री विकास पंचोली ने की।

शिविरों में आमजन को एक ही स्थान पर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। विभागवार लगाए गए काउंटरों पर 16 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं एवं जानकारी उपलब्ध करवाई।

इस अवसर पर विधायक कृपलानी ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत गुड़ाखेड़ा में भूमि पट्टे वितरित किए तथा क्षय रोग से पीड़ित रोगियों को पोषण किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

शिविर में विकास अधिकारी लक्ष्मणलाल खटीक, तहसीलदार घनश्याम जरवार, नायब तहसीलदार दिव्येशकान्त परमार, अशोक जाट, राजेन्द्र सिंह शक्तावत, कपिल चौधरी, देवकरण समदानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

उपखंड अधिकारी विकास पंचोली ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को योजनाओं की पूरी जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने शिविर में प्राप्त अधिकांश परिवादों का मौके पर निस्तारण किया तथा शेष प्रकरणों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रेषित किया।

आगामी शिविरों की जानकारी देते हुए उपखण्ड अधिकारी ने बताया कि 27 जून (शुक्रवार) को ग्राम पंचायत कोटड़ीकला, बांगेड़ा धाटा एवं बड़ावली में प्रातः 9:30 से सांय 5:30 बजे तक सेवा शिविरों का आयोजन होगा। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।

Similar News