निःशुल्क चिकित्सा व डेंटल शिविर आयोजित
निम्बाहेड़ा। रामनवमी के पावन अवसर पर नगर में मातृशक्ति स्वरूप महिला सफाई कर्मियों के सम्मान हेतु एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी की पूर्व पार्षद रेखा रानी तिवारी एवं समाजसेविका इंदु चौधरी के द्वारा नगर परिषद निंबाहेडा एवं करणी कल्याण हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आदर्श कॉलोनी स्थित कम्युनिटी हॉल में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क सामान्य चिकित्सा शिविर एवं डेंटल चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अशोक नवलखा उपस्थित रहे। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि रामनवमी का पर्व हमें मर्यादा, सेवा और समर्पण का संदेश देता है। आज जिन मातृशक्ति सफाई कर्मियों का सम्मान किया जा रहा है, वे वास्तव में समाज की रीढ़ हैं। स्वच्छता केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक संस्कार है और इन महिलाओं ने इसे अपने जीवन का हिस्सा बना लिया है।
उन्होंने कहा कि हम अक्सर स्वच्छ वातावरण की अपेक्षा करते हैं, लेकिन उसके पीछे दिन-रात मेहनत करने वाले इन कर्मयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना भी उतना ही आवश्यक है। इस प्रकार के सम्मान समारोह न केवल उनके मनोबल को बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सेवा भाव और संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं।
नवलखा ने यह भी कहा कि निःशुल्क चिकित्सा एवं डेंटल शिविर जैसे आयोजन समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। जरूरतमंद लोगों को समय पर परामर्श और उपचार मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना साकार होती है।
पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने अपने उद्बोधन के दौरान पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक चंद कृपलानी की ओर से भी सभी नगरवासियों एवं आयोजकों को रामनवमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने बताया कि चंद कृपलानी ने जयपुर से संदेश भेजकर आयोजकों को ऐसे सेवा एवं सम्मान से जुड़े आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा जनसेवा की भावना को मजबूत बनाते हैं। साथ ही उन्होंने सभी से समाजहित में निरंतर ऐसे प्रयास करते रहने का आह्वान भी किया।
उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि आयोजकों द्वारा किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से अनुकरणीय है, जिससे समाज के अन्य वर्गों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे आगे आकर सेवा कार्यों में भागीदारी निभाएं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला प्रमुख गब्बर सिंह ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, जिला प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह चौहान, नगर महामंत्री देवकरण सोमानी, कमलेश बनवार एवं मयंक अग्रवाल सहित विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष भगवती शर्मा मंचासीन रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इनमें विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र धूत, जिला मंत्री भारत पालीवाल, जिला सेवा प्रमुख सुरेश कुदाल, भजन जिज्ञासु, बिहारी लाल सोलंकी, लायंस क्लब के विजय अग्रवाल, सर्व व्यापार मंडल के पुष्कर सोनी, जन सारथी फाउंडेशन के श्याम सुंदर अग्रवाल, राकेश पहाड़िया, अमित खंडेलवाल, मानव विकास सुरक्षा संगठन के मनीष मोदी, भावना जैन, निर्मल, प्रबुद्ध नागरिक सेवा संस्थान के प्रकाश चेलावत तथा गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज अध्यक्ष लीला उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन तृप्ति कुमावत द्वारा किया गया। इस दौरान आयोजकों द्वारा नगर की लगभग 150 महिला सफाई कर्मियों का सम्मान किया गया। साथ ही निःशुल्क पार्लर प्रशिक्षण देने वाली मातृशक्ति एवं ब्राह्मण समाज की डांस प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में आयोजकों रेखा रानी तिवारी एवं इंदु चौधरी ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी सामाजिक संगठनों, अतिथियों, चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
