1 अप्रैल से बदलेगा सरकारी अस्पतालों का समय, सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक होगा उपचार

Update: 2026-03-28 10:19 GMT

चित्तौड़गढ़ । राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों के ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) समय में बदलाव की घोषणा की है। ग्रीष्मकालीन सत्र की शुरुआत के साथ ही आगामी 1 अप्रैल 2026 से मरीजों को नए निर्धारित समय के अनुसार चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रमुख चिकित्सा अधिकारी दिनेश वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक समय-सारणी के अनुसार व्यवस्थाओं को दो चरणों में विभाजित किया गया है।

नया समय-चक्र इस प्रकार रहेगा:

1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक: ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।

1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक: ओपीडी का संचालन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।

अवकाश के दिन: रविवार एवं राजपत्रित अवकाश के दौरान ओपीडी सेवाएं सुबह 9 बजे से 11 बजे तक ही उपलब्ध रहेंगी।

विभाग ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों और जिला चिकित्सा अधिकारियों को इन आदेशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

Similar News