प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर ने ग्राम उत्थान शिविरों का किया निरीक्षण

Update: 2026-02-06 14:40 GMT

चित्तौड़गढ़, । राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में आयोजित किए जा रहे ग्राम उत्थान शिविरों के अंतर्गत शुक्रवार को शासन सचिव एवं आयुक्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग एवं जिले के प्रभारी सचिव वी. सरवण कुमार एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण एवं अवलोकन किया।

प्रभारी सचिव सरवण कुमार ने चित्तौड़गढ़ उपखंड के बानसेन, निकुंभ, चिकारड़ा तथा निंबाहेड़ा उपखंड के बिनोता ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में लगाए गए विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया तथा ग्राम पंचायत स्तर पर राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित व्यक्तियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने क्षेत्र में ट्रिपिंग एवं विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली तथा शिविर स्थल पर जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निकुंभ में आयोजित शिविर के दौरान प्रभारी सचिव ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नवजात बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषाहार की जानकारी ली तथा बच्चों को पोषाहार खिलाकर उनका माला पहनाकर स्वागत किया।

चिकारड़ा में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में प्रभारी सचिव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। इसके साथ ही कृषक कल्याण योजना के अंतर्गत कृषि कार्य के दौरान मृत्यु होने पर श्रीमती सारी बाई के परिजनों को 2 लाख रुपये का सहायता चेक प्रदान किया गया।

इसके पश्चात प्रभारी सचिव ने बड़ीसादड़ी उपखंड के निकुंभ ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में लाभार्थियों को सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किए।

इस अवसर पर जिला कलक्टर आलोक रंजन ने विकास अधिकारी बड़ीसादड़ी को सामाजिक पेंशन से संबंधित लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, संबंधित उपखंड अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Similar News