निम्बाहेड़ा। निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को खेलों के माध्यम से प्रोत्साहित करने और ग्रामीण स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित ब्लॉक स्तरीय सांसद खेल महोत्सव-2025 का शुभारंभ आगामी 17 नवम्बर, सोमवार को प्रातः 11 बजे किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन के मुख्य अतिथि सांसद सी.पी. जोशी तथा पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी रहेंगे, जो महोत्सव का भव्य उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर भी मौजूद रहेंगे।
महोत्सव के तहत क्रिकेट, रस्साकसी, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, फुटबॉल, कुश्ती सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निम्बाहेड़ा ब्लॉक के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग लेंगे। खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को विकसित करना है।
सांसद खेल महोत्सव के विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी ने बताया कि उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथि खिलाड़ियों से संवाद करेंगे और उन्हें उच्च स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहित करेंगे। महोत्सव के सफल संचालन हेतु सभी व्यवस्थाएँ अंतिम चरण में हैं। मैदानों का निरीक्षण किया जा चुका है और विभिन्न खेलों की तकनीकी समितियों का गठन भी कर दिया गया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और युवाओं में महोत्सव को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बार बड़ी संख्या में प्रतिभागी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे तथा निंबाहेड़ा क्षेत्र से नई प्रतिभाओं को उभरने का अवसर मिलेगा।