चित्तौडगढ | ब्लॉक गंगरार की कांटी ग्राम पंचायत के सिंगोला गांव में नेहरू युवा केंद्र एवं मेरा युवा भारत के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन सरपंच प्रतिनिधि सुखदेव गुर्जर एवं पूर्व एस एम सी अध्यक्ष कैलाश गुर्जर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य निर्णायक के रूप में शारीरिक शिक्षक महेश सनाढ्य, अरविंद मराठा एवं अभिषेक शर्मा रहे।
प्रतियोगिता में विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिनमें कबड्डी, 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ एवं अन्य एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं शामिल थीं। प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
कबड्डी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सुदरी की टीम विजेता रही, जबकि सिंगोला की टीम उपविजेता बनी। महिला वर्ग में सिंगोला की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और कांटी की टीम उपविजेता रही।
दौड़ प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में 100 मीटर दौड़ में सागर गुर्जर ने प्रथम स्थान, विनोद भील ने द्वितीय स्थान एवं रणजीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में रविंद्र सिंह प्रथम, विनोद भील द्वितीय और सागर गुर्जर तृतीय स्थान पर रहे।
महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दिव्या ने प्रथम स्थान, राधिका ने द्वितीय स्थान एवं कोमल गुर्जर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 200 मीटर दौड़ में कोमल प्रथम, नीरू द्वितीय और लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रहीं।
इस प्रतियोगिता में गांव के गणमान्य नागरिकों एवं विद्यालय के संस्थाप्रधान अनिता शिंदे स्टाफ सदस्य शंकर अहिर, गोपाल लाल लुहार , राजकुमार सुखवाल, अनिता यादव, एस एम सी अध्यक्ष उदयलाल बैरवा एवं शारीरिक शिक्षक नारायण सैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों एवं निर्णायकों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस सफल आयोजन में क्षेत्र के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे खेलों के प्रति जागरूकता एवं रुचि को बढ़ावा मिला। प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजकों, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
