पंचायत आम चुनाव-2026जिला स्तर पर विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन, प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति

Update: 2026-02-10 09:45 GMT

चित्तौड़गढ़। पंचायत आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर, चित्तौड़गढ़ द्वारा जिला स्तर पर विभिन्न कार्यां के लिए 33 प्रकोष्ठों का गठन करते हुए प्रभारी, अतिरिक्त प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार पंचायत आम चुनाव-2026 से संबंधित समस्त निर्वाचन कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपादित किए जाएंगे। निर्वाचन कार्य के ओवरऑल प्रभारी अधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर, प्रशासन), चित्तौड़गढ़ रहेंगे। सभी प्रकोष्ठों द्वारा किए जाने वाले कार्यों को अंतिम रूप जिला निर्वाचन अधिकारी की स्वीकृति के पश्चात ही दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने सभी नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करें, ताकि पंचायत आम चुनाव-2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जा सके।

आदेश के तहत चुनाव संचालन, आरओ/एआरओ प्रकोष्ठ (जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य), कानून व्यवस्था, लेखा एवं वित्त, मीडिया, स्वीप (मतदाता जागरूकता), प्रशिक्षण, मतदान दल एवं मतगणना दल गठन, मतपत्र मुद्रण एवं वितरण, डाक मतपत्र, स्टोर प्रबंधन, वाहन व्यवस्था, सामान्य व्यवस्थाएं, सांख्यिकी एवं चुनाव मार्गदर्शिका, कम्प्यूटर प्रकोष्ठ, कंट्रोल रूम, आदर्श आचार संहिता एवं शिकायत निवारण तथा पर्यवेक्षक व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। चुनाव संचालन प्रकोष्ठ द्वारा नाम निर्देशन पत्रों का वितरण एवं प्राप्ति, संवीक्षा, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने तथा निर्वाचन से संबंधित सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का संचालन किया जाएगा। वहीं पंचायत समिति एवं जिला परिषद स्तर पर आरओ/एआरओ प्रकोष्ठों को चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कानून व्यवस्था प्रकोष्ठ को मतदान एवं मतगणना के दौरान शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने, संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केन्द्रों की पहचान, धारा-144 लागू करने, हथियार जमा कराने, सूखा दिवस घोषित करने एवं दैनिक कानून व्यवस्था रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं। लेखा एवं वित्त प्रकोष्ठ द्वारा निर्वाचन व्यय, सामग्री क्रय, निविदाएं, भुगतान, मानदेय, यात्रा भत्ता, वाहन किराया सहित समस्त वित्तीय कार्य नियमों के अनुसार किए जाएंगे। मतपत्र मुद्रण एवं वितरण प्रकोष्ठ को जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच एवं पंच के मतपत्रों का समयबद्ध एवं शुद्ध मुद्रण, सुरक्षित भंडारण तथा मतदान दलों को मतदान केन्द्रवार वितरण की जिम्मेदारी दी गई है।

डाक मतपत्र प्रकोष्ठ द्वारा ईडीसी एवं पोस्टल बैलेट से संबंधित सभी कार्य, ऑनलाइन डाटा तैयार करना, सुरक्षित भंडारण तथा मतगणना से पूर्व संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को मतपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

स्वीप प्रकोष्ठ के माध्यम से जिले में मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। मीडिया प्रकोष्ठ को निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध प्रकाशन, मीडिया समन्वय, मतदान एवं मतगणना स्थल पर मीडिया पास जारी करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सूचना प्रसारण की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कम्प्यूटर प्रकोष्ठ एवं कंट्रोल रूम द्वारा नाम निर्देशन पत्रों की स्कैनिंग, ऑनलाइन डाटा फीडिंग, निर्वाचन परिणामों का कम्प्यूटरीकरण, सीसीटीवी/वीडियोग्राफी डाटा का संधारण तथा राज्य निर्वाचन आयोग को सूचनाएं प्रेषित की जाएंगी।

Similar News