चित्तौड़गढ़ के वरिष्ठ पत्रकार भण्डारी का निधन

Update: 2025-12-16 11:39 GMT

चित्तौड़गढ़। वरिष्ठ पत्रकार कवरलाल भण्डारी का मंगलवार को 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

श्रीकवरलाल भण्डारी ने कई समाचार-पत्रों में प्रतिनिधि के रूप में लंबी सेवाएँ दीं। 60 वर्ष पूर्व चित्तौड़गढ़ की समस्याओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। धुन के धनी, निर्भीक और प्रामाणिक जीवन जीकर उन्होंने जिले में अपनी विशेष पहचान बनाई। अन्याय और अनीति के खिलाफ आवाज उठाने में उनकी लेखनी हमेशा सक्रिय रही। वे चित्तौड़गढ़ कर सलाहकार संघ के अध्यक्ष भी रहे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री और बाद में उपराष्ट्रपति रहे भैरोसिंह शेखावत सहित कई अधिकारियों के भी वे निकट रहे। मित्रता और आपसी संबंधों को निस्वार्थ भाव से निभाने की उनकी विशेषता के कारण सभी उन्हें पूर्ण आदर और सम्मान देते थे। उनके एक पुत्र गोपेंद्र भारतीय सेना में कर्नल पद पर सेवाएँ दे रहे हैं।

मंगलवार दोपहर बाद उनके निवास स्थान चन्दनपुरा से शव यात्रा निकाली गई और शहर श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। नगर के गणमान्य लोगों ने शव यात्रा में भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Tags:    

Similar News