चित्तौडग़ढ़ । जिला कलक्टर आलोक रंजन अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय साप्ताहिक विभागीय बैठक आयोजित की गई। इसमें संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त सभी मामलों का जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं गंभीरता से परीक्षण करें। समयबद्ध उत्तर प्रेषित करें तथा अद्यतन स्थिति नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। सम्पर्क पोर्टल तथा प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। आगामी जिला स्तरीय जनसुनवाई से पहले अधिकतम प्रकरण निस्तारित करने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने जनकल्याणकारी, फ्लैगशिप
योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें तथा उनकी प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इनमें रैंकिंग सुधारने के लिए विभिन्न बिंदुओं में आवश्यक सुधार करें। रैंकिंग कम होने के कारणों का विश्लेषण कर कार्य योजना के अनुसार लक्ष्य पूर्ण करने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने, विद्युत विभाग को कुसुम योजना के तीनों घटकों में लक्ष्य अनुसार प्रगति बढ़ाने, महिला अधिकारिता विभाग को लाडो प्रोत्साहन योजना की किश्त समय पर लाभार्थियों को देने, कृषि विभाग को तारबंदी एवं फॉर्म पोंड, उद्यानिकी विभाग को शेडनेट एवं ग्रीन हाउस में लक्ष्य अनुसार प्रगति दर्ज करने के निर्देश दिए।
सप्ताह में एक दिन कार्यालय की सफाई अनिवार्य
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बैठक में सभी विभागों को स्वच्छ भारत अभियान के प्रति प्रतिबद्ध रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग में सप्ताह में एक दिन ड्यूटी समय में से अतिरिक्त समय निकालकर सभी कार्मिक मिलकर अपने कार्यालय परिसर की सफाई सुनिश्चित करें। इससे स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होगा तथा कार्यालयों का वातावरण स्वच्छ व सुव्यवस्थित बना रहेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक एवं श् सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
