संगठन की रीढ़ कार्यकर्ता, बूथ से राष्ट्र निर्माण तक की जिम्मेदारी निभाएं : प्रमोद सामर”
चित्तौरगढ़ |भारतीय जनता पार्टी के संगठन संरचना सशक्तिकरण अभियान को लेकर उपखंड चित्तौड़गढ़ की महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक बैठक शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय ओछड़ी पर सम्पन्न हुई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता समन्वय, युवा सहभागिता एवं आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, मतदाता संपर्क अभियान, युवा एवं महिला सहभागिता तथा संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य अतिथि भाजपा संभाग प्रभारी प्रमोद सामर थे अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने की। मुख्य अतिथि प्रमोद सामर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। पार्टी का हरावल दस्ता आज इस बैठक में उपस्थित है और यही कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि समय का समर्पण और कार्य का सुनियोजित नियोजन ही संगठन को सशक्त बनाता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्व को गंभीरता से समझते हुए बूथ स्तर तक सक्रिय रहना होगा। उन्होंने विशेष रूप से आगामी समय में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं पर फोकस करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नव मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें राष्ट्रवादी विचारधारा से परिचित कराना पार्टी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता, सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के अनुशासन, निरंतर संवाद और समर्पण से आती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का प्रतिनिधि है और उसे बूथ से लेकर समाज के हर वर्ग तक पार्टी की नीतियों एवं जन कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। जिला महामंत्री रघु शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठनात्मक कार्यों में समन्वय और निरंतर फॉलोअप अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि संगठन की शक्ति हर स्तर पर दिखाई दे। देवीसिंह राणावत ने भी बैठक को संबोधित किया। संचालन भाजपा नगर अध्यक्ष सागर सोनी ने किया एवं आभार भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक रायका ने व्यक्त किया। संभाग सह मीडिया प्रभारी सुधीर जैन, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष हरीश इनाणी, मण्डल अध्यक्ष गोपाल राजोरा, गोपाल चौबे, राजमल सुखवाल, सत्यनारायण कुमावत। मंचासीन रहे। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर बैठक का शुभारंभ हुआ। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।