जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश बेनीवाल पर जानलेवा हमला, फायरिंग और तोड़फोड़

Update: 2026-02-23 18:00 GMT


जोधपुर (  हलचल)। मारवाड़ क्षेत्र के आसोप थाना इलाके में अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश बेनीवाल पर जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 हथियारबंद हमलावरों ने बेनीवाल का रास्ता रोककर उन पर लाठी-डंडों से हमला किया। दहशत फैलाने के लिए हमलावरों ने मौके पर चार राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, प्रकाश बेनीवाल गछीपुरा गांव में पूर्व विधायक नारायण राम बेड़ा के परिवार में आयोजित एक विवाह समारोह में शिरकत करने गए थे। वहां से वापस लौटते समय घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी एसयूवी (SUV) गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों ने पहले गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और फिर बेनीवाल व उनके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हिंसक झड़प में बेनीवाल के एक साथी के सिर पर गंभीर चोट आई है।

घायल साथी जोधपुर रेफर, पुलिस ने की नाकाबंदी

हमले के तुरंत बाद घायल को भोपालगढ़ उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जोधपुर के मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रकाश बेनीवाल ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने पूरे इलाके में कड़ी नाकाबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

Similar News