जालोर: धार्मिक यात्रा पर गए एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गुजरात में सड़क हादसे में दो की मौत

Update: 2026-02-23 17:19 GMT


जालोर/चितलवाना। गुजरात के पोरबंदर जिले में रविवार शाम को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने जालोर के चितलवाना क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ दी। देवभूमि द्वारका से दर्शन कर लौट रहे चितलवाना के टेम्बी गांव के एक ही परिवार की कार विसावदा के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हृदयविदारक हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब 6 बजे हुआ। टेम्बी गांव निवासी यह परिवार भगवान द्वारकाधीश के दर्शन कर पोरबंदर की ओर लौट रहा था। विसावदा के पास एक तीखे मोड़ पर चालक का स्टीयरिंग से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों और खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। क्षतिग्रस्त कार को ट्रैक्टर की मदद से खींचकर बाहर निकाला गया।

हादसे में इन्होंने गंवाई जान

चितलवाना सरपंच और माली समाज अध्यक्ष सवरूपाराम माली ने बताया कि हादसे में गणेशराम (76) पुत्र हरजीराम माली और उनकी छोटी पुत्रवधू की जेठानी पवनी देवी (60) पत्नी नागजीराम माली की मौत हो गई। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को उनके पैतृक गांव टेम्बी लाए जा रहे हैं, जहां आज दोपहर बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

डेढ़ माह से तीर्थ यात्रा पर था परिवार

मृतक पवनी देवी का बेटा मदनलाल तमिलनाडु में इलेक्ट्रॉनिक्स का काम करता है। वह करीब डेढ़ माह पहले अपने माता-पिता और ताऊ गणेशराम को तीर्थ यात्रा पर लेकर गया था। उन्होंने तमिलनाडु के मदुरई और रामेश्वरम सहित कई धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। तीन दिन पहले ही वे राजकोट पहुंचे थे, जहां से रिश्तेदार पन्नालाल माली के साथ द्वारकाधीश दर्शन का कार्यक्रम बना था। लौटते समय नियति को कुछ और ही मंजूर था और खुशियों भरा सफर मातम में बदल गया।

घायलों का उपचार जारी

हादसे में नागजीराम (72), मदनलाल (33), अर्जन कुमार (35), पन्नालाल (33) और 8 वर्षीय बालक शिवराम घायल हो गए। सभी घायलों का पोरबंदर के सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पोरबंदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News