मेवाड़ यूनिवर्सिटी में नर्सिंग मान्यता का विवाद गहराया: छात्रों का भविष्य दांव पर, एबीवीपी का बड़ा प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़ (भीलवाड़ा हलचल)। गंगरार स्थित मेवाड़ यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम कोर्स की मान्यता को लेकर पिछले 15 दिनों से चल रहा गतिरोध अब उग्र रूप ले चुका है। फर्जी मान्यता के आरोपों के बीच धरने पर बैठे छात्रों को अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का भी खुला समर्थन मिल गया है। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हक में जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन कर उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है।
धोखे में रखकर प्रवेश देने का आरोप
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि साल 2022-23 में प्रवेश के समय यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने राजस्थान नर्सिंग काउंसिल (RNC) और इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की मान्यता होने का दावा किया था। छात्रा पायल पाटिल ने बताया कि अब जब छात्र फाइनल ईयर में हैं और परीक्षाएं सिर पर हैं, तब पता चला कि संस्थान के पास कोई वैध अनुमति ही नहीं है। छात्रों का आरोप है कि उन्हें फर्जी शपथ पत्र दिखाकर गुमराह किया गया, जबकि जयपुर स्थित कार्यालयों में यूनिवर्सिटी की कोई फाइल तक जमा नहीं है।
लाखों की फीस और डोनेशन डकारने की शिकायत
नर्सिंग छात्र रोहित मारू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों से एक से डेढ़ लाख रुपये तक का डोनेशन वसूला गया है। अब छात्र अपना भविष्य बचाने के लिए अन्य मान्यता प्राप्त संस्थानों में माइग्रेशन (ट्रांसफर) और जमा की गई पूरी फीस वापस करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि छात्रों ने इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई है, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
यूनिवर्सिटी ने टाली परीक्षाएं, प्रबंधन के दावों पर सवाल
बढ़ते विवाद और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आगामी आदेश तक सभी कक्षाएं और चार महत्वपूर्ण परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। प्रबंधन का दावा है कि मान्यता की फाइल जयपुर स्तर पर लंबित है और मामला हाईकोर्ट में है, लेकिन छात्र इस दावे को पूरी तरह नकार रहे हैं। छात्रों का कहना है कि जयपुर में अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसी कोई फाइल प्रक्रिया में ही नहीं है। फिलहाल छात्र आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं और कलेक्ट्रेट पर पड़ाव डाले हुए हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
