उद्योग केंद्र का सहायक 2500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

Update: 2026-03-17 18:12 GMT


झुंझुनूं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की झुंझुनूं टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र (DICC) के महाप्रबंधक (GM) के सहायक नीरज कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी ने केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना के तहत लोन आवेदन को आगे बढ़ाने के बदले यह राशि मांगी थी।

लोन पास कराने के बदले मांगा 'सुविधा शुल्क'

जानकारी के अनुसार, एक परिवादी ने 'प्रधानमंत्री युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना' के तहत स्वरोजगार के लिए लोन आवेदन विभाग में जमा किया था। इस फाइल को मंजूर करवाने और प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए कार्यालय सहायक नीरज कुमार ने परिवादी को परेशान करना शुरू कर दिया और 'सुविधा शुल्क' के रूप में रिश्वत की मांग की। बार-बार चक्कर काटने से परेशान परिवादी ने अंततः एसीबी की शरण ली।

प्रदर्शनी की भीड़ के बीच बिछाया जाल

ACB के एडिशनल एसपी (ASP) नरेंद्र पूनिया ने बताया कि शिकायत के गोपनीय सत्यापन के बाद मंगलवार को ट्रैप की योजना बनाई गई। इन दिनों उद्योग केंद्र परिसर में 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) की प्रदर्शनी चल रही थी, जिससे वहां काफी चहल-पहल थी। इसी सरकारी कार्यक्रम की व्यस्तता के बीच जैसे ही आरोपी नीरज कुमार ने परिवादी से 2500 रुपए लिए, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।




 


दस्तावेजों की जांच जारी

यह पूरी कार्रवाई एएसपी नरेंद्र पूनिया के निर्देशन में उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी के कब्जे से मिली अन्य फाइलों और दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अन्य किसी आवेदक को भी इसी तरह परेशान तो नहीं किया था।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News