कोटपूतली: एनएच-48 पर भीषण सड़क हादसा, केबिन में फंसे चालक की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत
कोटपूतली | नेशनल हाइवे-48 पर रविवार देर रात एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने चश्मदीदों की रूह कंपा दी। जैनपुरवास कट के पास एक ट्रेलर और ट्रोले के बीच हुई भीषण भिड़ंत के बाद ट्रोले में अचानक आग लग गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि केबिन में फंसे ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह देखते ही देखते जिंदा जल गया। मृतक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है।
केबिन बना लोहे का पिंजरा, मलबे में फंसा रहा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत होते ही ट्रोले के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और केबिन से धुएं का गुबार उठने लगा। कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया। ड्राइवर रवि यादव केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस चुका था। आग की लपटों के बीच फंसे चालक की चीखें सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि पास जाना भी नामुमकिन हो गया।
दमकल ने बुझाई आग, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक चालक का शरीर पूरी तरह खाक हो चुका था। पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
