अशोक लीलैंड प्लांट के पेंट सेक्शन में लगी भीषण आग; 30 से अधिक श्रमिकों को सुरक्षित निकाला गया

Update: 2026-03-01 08:15 GMT


अलवर। राजस्थान के अलवर स्थित मत्स्य इंडस्ट्रियल एरिया (MIA) में ट्रक और बस बनाने वाली प्रसिद्ध कंपनी अशोक लीलैंड के प्लांट में शनिवार रात अचानक आग लग गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ, प्लांट के उस हिस्से में 30 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे। गनीमत रही कि आग भड़कते ही समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पेंट सेक्शन में भड़की लपटें

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। आग प्लांट के उस हिस्से में लगी जहां ट्रक और बसों पर पेंट करने का काम किया जाता है। पेंट और वहां मौजूद ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

30 लाख के नुकसान का अनुमान, बाल-बाल बचीं गाड़ियां

अलवर के फायर ऑफिसर अमित मीणा ने बताया कि जिस हिस्से में आग लगी थी, उसके ठीक पास ही बसों और ट्रकों की कई चेचिस रखी हुई थीं। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे करोड़ों का नुकसान होने से बच गया। हालांकि, प्राथमिक अनुमान के अनुसार इस आगजनी में कंपनी को करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

सुरक्षा मानकों की जांच जारी

राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को प्रारंभिक कारण माना जा रहा है। कंपनी प्रबंधन और दमकल विभाग अब प्लांट में सुरक्षा मानकों और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा | फोन: 7737741455

Similar News