उदयपुर फाइल्स' पर दिल्ली में मंथन: भाजपा नेत्री के वीडियो कांड से गरमाई सियासत; दो मंत्रियों से मिले पदाधिकारी

Update: 2026-03-01 10:40 GMT


उदयपुर/दिल्ली। भाजपा नेत्री के वीडियो, ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म के चर्चित प्रकरण ('Udaipur Files') ने अब राजस्थान की राजनीति में उबाल ला दिया है। एक ओर जहां पुलिस की जांच सुस्त पड़ती नजर आ रही है, वहीं दूसरी ओर इस मामले ने पूरी तरह से राजनीतिक रंग ले लिया है। इस प्रकरण में अपनी साख बचाने के लिए भाजपा के दो बड़े पदाधिकारी अचानक दिल्ली पहुंचे हैं।

अजमेर की सभा छोड़ दिल्ली पहुंचे नेता, बचाव की रणनीति पर चर्चा

ताजा घटनाक्रम में उदयपुर भाजपा के दो पदाधिकारियों ने दिल्ली में दो केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की है। चर्चा है कि इस मुलाकात में पूरे मामले पर 'बचाव की रणनीति' और पार्टी की छवि को होने वाले नुकसान पर मंथन किया गया। खास बात यह है कि यह 'दिल्ली दौड़' उस समय हुई जब अजमेर में प्रधानमंत्री मोदी की सभा के लिए कार्यकर्ताओं को ले जाने की तैयारियां चल रही थीं। नेताओं का अजमेर के बजाय दिल्ली जाना सियासी गलियारों में कई सवाल खड़े कर गया है।

बेनीवाल बोले- पूरी पार्टी नंगी हो जाएगी

रालोपा के संस्थापक पूर्व मंत्री हनुमान बेनीवाल ने भी भाजपा की उदयपुर फाइल्स को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वीडियो सामने आने पर पूरी भारतीय जनता पार्टी नंगी हो जाएगी। उन्होंने उदयपुर के साथ ही प्रदेशस्तरीय नेताओं के भी घेरे में आने की बात कही।

उन्होंने यह भी दावा किया कि वीडियो उनके पास भी पहुंचने वाला है। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस की और से सौदेबाजी करने की भी बात कही। उन्होंने मामले को हवा देने में भाजपा ने पूर्व नेताओं की भूमिका का भी उल्लेख किया।

विरोधी खेमे पर साजिश का आरोप

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पहुंचे नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष शिकायत रखी है कि विरोधी खेमा और उदयपुर भाजपा के एक स्थानीय 'तथाकथित संरक्षक' की शह पर इस वीडियो कांड को जानबूझकर हवा दी जा रही है। नेताओं का तर्क है कि यह सब कुछ पार्टी के भीतर के ही एक गुट द्वारा माहौल खराब करने के लिए किया जा रहा है।

विधानसभा में 'सन्नाटा' और सदन में 'उदयपुर फाइल्स' की गूंज

इस मामले की तपिश राजस्थान विधानसभा तक भी पहुंच चुकी है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जब सदन में 'उदयपुर फाइल्स' का मुद्दा उठाया, तो माहौल पूरी तरह बदल गया। अमूमन हर बात पर पलटवार करने वाले सत्ता पक्ष के विधायक उस समय चुप्पी साधे रहे। हैरानी की बात यह रही कि उस दौरान सदन में केंद्र सरकार से जुड़े दो प्रभावशाली नेता भी मौजूद थे, जिनकी मौजूदगी ने इस चर्चा को और अधिक बल दिया है।

आगे क्या? संरक्षक के आने का इंतजार

होली के मौके पर आज रविवार को उदयपुर भाजपा के तथाकथित संरक्षक के शहर पहुंचने की चर्चा है। स्थानीय नेता उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि इस विवाद से निपटने के लिए आगे की रणनीति तय की जा सके। माना जा रहा है कि होली के मिलन समारोहों के बीच पार्टी के भीतर इस 'वीडियो कांड' को लेकर कड़ा मंथन हो सकता है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा | फोन: 7737741455

Similar News