खाटूश्यामजी: बाबा श्याम के मंदिर के पट 3 और 5 मार्च को रहेंगे बंद, जानें दर्शनों का समय

Update: 2026-03-01 09:50 GMT

खाटूश्यामजी। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में आगामी मार्च माह के प्रथम सप्ताह में विशेष खगोलीय घटना और सेवा-पूजा के चलते बाबा श्याम के मंदिर के पट दो दिन बंद रहेंगे। श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान ने श्रद्धालुओं की जानकारी के लिए नया दर्शन कार्यक्रम जारी किया है।

चन्द्रग्रहण के कारण 3 मार्च को बंद रहेंगे पट

जानकारी के अनुसार, 3 मार्च को चन्द्रग्रहण होने के कारण मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे। ग्रहण के सूतक और ग्रहण काल के दौरान धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए दर्शन वर्जित रहेंगे। इसके बाद भक्त 4 मार्च प्रातः काल से बाबा श्याम के दर्शन कर सकेंगे।

विशेष सेवा पूजा और तिलक श्रृंगार का कार्यक्रम

वहीं, बाबा श्याम की विशेष सेवा पूजा और तिलक श्रृंगार के चलते 4 मार्च को रात्रि 10 बजे मंदिर के पट पुनः बंद कर दिए जाएंगे। यह श्रृंगार सेवा अगले दिन तक जारी रहेगी, जिसके कारण 5 मार्च को सायं 5 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे।

श्रद्धालु 5 मार्च शाम से कर सकेंगे दर्शन

श्रद्धालुओं को 5 मार्च सायं 5 बजे के बाद बाबा श्याम के नयनाभिराम तिलक श्रृंगार के दर्शन सुलभ होंगे। मंदिर कमेटी ने सभी श्याम भक्तों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा का कार्यक्रम इसी समय सारणी के अनुसार तय करें ताकि उन्हें दर्शनों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Similar News