बांसवाड़ा: दो जिलों की पुलिस से तस्करों की 'फिल्मी' मुठभेड़; फॉर्च्यूनर से की फायरिंग, नाकाबंदी तोड़ भागे, 207 किलो डोडा-चूरा बरामद

Update: 2026-03-01 10:20 GMT


बांसवाड़ा। प्रतापगढ़ से शुरू हुआ तस्करों का पीछा शनिवार देर रात बांसवाड़ा की पहाड़ियों में जाकर थमा। अवैध डोडा-चूरा से भरी एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी ने दो जिलों की पुलिस को घंटों तक छकाया। इस दौरान तस्करों ने न केवल पुलिस की नाकाबंदी तोड़ी, बल्कि पीछा कर रही टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की। अंत में पुलिस की सख्त घेराबंदी देख तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

प्रतापगढ़ से मिली थी इनपुट, बांसवाड़ा में तोड़ी नाकाबंदी

एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि प्रतापगढ़ पुलिस से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध एमपी (MP) पासिंग फॉर्च्यूनर नाकाबंदी तोड़कर बांसवाड़ा की ओर आ रही है। सूचना पर तत्काल दानपुर और आबापुरा थाना क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर घेराबंदी की गई। हालांकि, तस्करों ने पुलिस की परवाह किए बिना बैरिकेड्स को जोरदार टक्कर मारी और गांवों की संकरी गलियों की ओर गाड़ी दौड़ा दी।

पुलिस पर कई राउंड फायरिंग

जब पुलिस टीमों ने पीछा करना शुरू किया, तो तस्करों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। आबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह और दानपुर पुलिस की संयुक्त टीमों ने तस्करों का पीछा जारी रखा।

पहाड़ियों में फंसी गाड़ी, आरोपी फरार

पुलिस के दबाव के कारण तस्करों ने वाहन को मुख्य सड़क से हटाकर खजूरी गांव के उबड़-खाबड़ और पहाड़ी रास्ते की ओर मोड़ दिया। पहाड़ी इलाके में गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी और खेतों के पास फंस गई। पुलिस को नजदीक आता देख तस्कर घने अंधेरे और पहाड़ियों की आड़ लेकर भाग निकले।

30 लाख से अधिक का माल बरामद

पुलिस ने जब लावारिस मिली फॉर्च्यूनर की तलाशी ली, तो उसमें कट्टों में भरा हुआ 207 किलो अवैध डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन और मादक पदार्थ को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार तस्करों की पहचान के लिए गाड़ी के नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा | फोन: 7737741455

Similar News