खाटूश्यामजी में गेस्ट हाउस के चक्कर में भिड़े युवक, लाठियां बरसाईं और श्रद्धालुओं को दी धमकी – 3 गिरफ्तार
खाटूश्यामजी (सीकर)। सीकर की धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में शनिवार देर रात श्रद्धालुओं को अपने-अपने गेस्ट हाउस ले जाने की होड़ ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। तोरण द्वार के पास तीन युवकों ने न केवल एक-दूसरे पर लाठियां बरसाईं, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस के सामने दर्शनार्थियों को मारने तक की धमकी दे डाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के सामने ही दी चुनौती
खाटूश्यामजी थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे साप्ताहिक मेले के कारण कस्बे में भारी भीड़ थी। सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी पुलिस से ही उलझ गए। एक युवक ने आव देखा न ताव और पुलिस के सामने ही चिल्लाने लगा— "श्याम बाबा के दर्शनार्थियों को देख लूंगा, यहाँ पुलिस को किसने बुलाया है?" इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने शांति भंग करने और धमकी देने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है:
भारत राणा (27) निवासी रतनगढ़।
कालूराम राणा (24) निवासी सालासर।
कुलदीप (22) निवासी खुमाड़ा।
पुरानी घटनाओं से बढ़ा आक्रोश
गौरतलब है कि खाटूश्यामजी में व्यापारियों और होटल संचालकों द्वारा श्रद्धालुओं से बदसलूकी का यह पहला मामला नहीं है। पिछले साल जुलाई 2025 में भी मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं के साथ दुकानदारों ने सिर्फ इसलिए मारपीट की थी क्योंकि वे बारिश से बचने के लिए दुकान के छज्जे के नीचे खड़े हो गए थे। बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से बाहर से आने वाले श्याम भक्तों में असुरक्षा का भाव पैदा हो रहा है।
