झोटवाड़ा में टायर-केमिकल गोदाम में भीषण आग, 15 दमकलों की मशक्कत के बाद ढाई घंटे में काबू

Update: 2026-02-16 18:00 GMT

जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में जोशी मार्ग के पास चमन-बाड़ी स्थित एक टायर और केमिकल गोदाम में सोमवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। घटना शाम करीब 5:45 बजे संजय नगर नारायणपुरी क्षेत्र में हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और दूर तक उठता काले धुएं का गुबार आसमान में साफ दिखाई दे रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए झोटवाड़ा, वीकेआई, सरना डूंगर, बनीपार्क, बिंदायका, मानसरोवर और 22 गोदाम फायर स्टेशन से करीब 15 दमकलों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने 50 से अधिक फेरे लगाकर करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि गोदाम के मालिक मोहम्मद जलाल हैं और वहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। चूंकि गोदाम संकरी गली में स्थित था, इसलिए दमकल की गाड़ियों को अंदर तक पहुंचने में भारी परेशानी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेसीबी की मदद से दीवारें तोड़ी गईं, तब जाकर कुछ दमकलें भीतर तक पहुंच सकीं।

एहतियातन पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काट दी गई और आग को फैलने से रोकने के लिए आसपास के करीब 13 से 15 मकानों को खाली करवाया गया। कई परिवारों ने अपना सामान बाहर निकाल लिया, जबकि कुछ लोग रात तक घरों की छतों पर डटे रहे। आग की चपेट में एक मस्जिद को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है, वहीं तीन-चार मकानों में भी आग लगी। एक घर, जहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था, पूरी तरह जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों ने घटना के लिए गोदाम संचालन को जिम्मेदार ठहराते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यदि नुकसान की भरपाई नहीं की गई तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

आग के कारण पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया और कई सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने भीड़ को मौके से दूर रखने के लिए बैरिकेडिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Tags:    

Similar News