बीज गोदामों पर छापेमारी: अवैध 377 बोरी यूरिया का जब्त भंडारण:कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा अचानक पहुंचे बीकानेर
बीकानेर। उर्वरक की कमी के चलते प्रदेश भर के किसान परेशान हैं। दूसरी तरफ डिमांड के मुताबिक सरकार की तरफ से किसानों को खाद उपलब्धता नहीं करवाई जा रही है। इसका सीधा फायदा खाद-बीज माफिया उठा रहा है। किसान अपने खेत में फसल को खाद समय पर देने के लिए भटकता रहता है। ऐसे में किसान नकली खाद बेचने वालों के झांसे में आ रहे हैं। दूसरी तरफ अब खाद की कालाबाजारी का मामला सामने आया है।
दरअसल, बीकानेर जिले में किसानों को वर्तमान खरीफ सीजन के लिए करीब 1 लाख मीट्रिक टन खाद की आवश्यकता है। इसके मुकाबले महज 45 हजार मीट्रिक टन ही खाद उपलब्ध कराई गई। इसमें से वितरण के बाद किसान तक केवल 22 हजार मीट्रिक टन ही खाद पहुंची।
377 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण
इस बीच खाद का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी का मामला सामने आया है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बज्जू की अनाज मंडी में अवैध रूप से भंडारित यूरिया के 377 थैले जब्त किए।
मंत्री के आते ही हड़कंप
शनिवार शाम को मंत्री किरोड़ीलाल मीणा भी बीकानेर आ गए। इस दौरान उनके आने की सूचना प्रशासन को नहीं मिली। अचानक उनके आने से जिला प्रशासन हरकत में आ गया। कृषि विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।