जिले में पेयजल, सड़क, बिजली सहित हर क्षेत्र में हुई उल्लेखनीय प्रगति : राज्यमंत्री विजय सिंह

Update: 2024-12-13 13:28 GMT

राजसमंद, 13 दिसंबर। माननीय मुख्यमंत्री   भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनकल्याणकारी राजस्थान सरकार का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में सूचना केंद्र में आयोजित भव्य सात दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का शुक्रवार को राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग राज्यमंत्री  विजय सिंह ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के पश्चात सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा प्रकाशित जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान जिला प्रमुख रतनी देवी चौधरी, समाजसेवी माधव जाट सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इधर अधिकारियों में राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक निदेशक आईएएस राजेन्द्र कुमार वर्मा, जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, एसडीओ बृजेश गुप्ता, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।

राज्यमंत्री ने विकास प्रदर्शनी में विकास कार्यों का अवलोकन करने के पश्चात प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री विजय सिंह ने कहा कि जिले में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बजट घोषणा 2024-25 में राजसमंद में ‘स्टोन मण्डी‘ की घोषणा से भविष्य को लेकर नई राह खुली है। ‘राइजिंग राजस्थान‘ के तहत राजसमंद इन्वेस्टर मीट में लगभग 5,500 करोड़ रुपए से अधिक राशि के एमओयू होने से 26 हजार रोजगार के नए अवसर खुलना सुनिश्चित हुआ है।

उन्होंने कहा कि 3,530 करोड़ रुपए की लागत से जाखम बांध आधारित वृहद पेयजल परियोजना का कार्य किया जा रहा है जिससे जिले में पेयजल संकट से जुझ रहे बड़े हिस्से को राहत मिलेगी। इसके अंतर्गत नगर क्षेत्र आमेट, नाथद्वारा एवं राजसमंद के साथ-साथ 302 गावों एवं 378 ढाणियों को लाभान्वित किया जा सकेगा।

बजट घोषणा के तहत प्रभु श्रीद्वारकाधीशजी मंदिर, कांकरोली में विकास कार्य करवाए जाकर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। 150 करोड़ रुपए की लागत से राजसमंद बांध में जल की आवक में अभिवृद्धि करने हेतु खारी फीडर की प्रवाह क्षमता को बढ़ाने के लिए जीर्णोद्धार तथा आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं। ऐसा होने से 42 गांवों के लगभग 10 हजार 500 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई तथा राजसमंद शहर को पेयजल व्यवस्था में व्यापक सुधार हो सकेगा।

60 करोड़ की लागत से कुंभलगढ़ क्षेत्र के बेड़च का नाका परियोजना संबंधी कार्य कराया जा रहा है। 40.93 करोड रुपए की लागत से देवगढ तथा आमेट के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों से उप जिला चिकित्सालयें में क्रमोन्नत किया जा रहा है।

भीम में ड्रेनेज सिस्टम एवं रोड लाईट के कार्य पर 10 करोड़ व्यय हो रहे हैं। 5 करोड़ रुपए की लागत से आगरिया फीडर का पुनरूद्धार कार्य किया जा रहा है। बजट घोषणा में आर. के. जिला चिकित्सालय राजसमन्द का उन्नयन होना भी बजट घोषणा में शामिल है। देवगढ में 220 केवी जीएसस, केलवाडा में 132 केवी, मियाला (भीम) में 33 केवी जीएसस स्थापित करने का कार्य जारी है जिससे इससे जुड़े कई गावों में विद्युत संबंधी समस्याएं दूर होंगी।

1 हजार 92 करोड़ रुपए की लागत से भीम व देवगढ के सभी 275 ग्रामों एवं देवगढ कस्बे को चम्बल नदी से शुद्ध पेयजल आपूर्ति का कार्य शुरू हुआ है जो द्रुत गति से जारी है। इसके अंतर्गत 16 नए पम्प हाउस, 60 नई टंकियां, 2253 किलो मीटर पाइप लाइन के कार्य प्रस्तावित हैं। परियोजना का कार्य पूर्ण होने पर 33,169 परिवारों को नल कनेक्शन मिलेंगे और सीधे ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचेगा।

राज्य मंत्री ने नवाचारों को सराहा :

राज्यमंत्री विजय सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन ने प्रोजेक्ट सक्षम सखी, प्रोजेक्ट श्रम संबल, स्वच्छता विशेष अभियान, पालनहार विशेष अभियान एवं क्षमता संवर्द्धन कार्यक्रम जैसे अभियानों एवं नवाचारों की शुरुआत कर जिले को बेहतर दिशा में ले जाने का प्रयास किया है।

जिला प्रशासन के नवाचार प्रोजेक्ट सक्षम सखी के तहत ‘‘विशाल ट्रेड फेयर एवं मेगा ऋण वितरण शिविर‘‘ का आयोजन किया गया है जिसमें ऐतिहासिक रूप से एक ही दिन में स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न निजी एवं सरकारी बैंकों और महिला निधि कोपरेटिव बैंक के माध्यम से 21 करोड़ रुपए का ऋण वितरण किया गया है। नवाचार ‘स्वच्छ राजसमंद-स्वस्थ राजसमंद‘ के तहत 25 अक्टूबर, 2024 को एक ही दिन में जिले में 1 लाख 73 हजार से अधिक लोगों ने श्रमदान कर जिले को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का काम किया है।

जिला प्रशासन के नवाचार ‘पालनहार विशेष अभियान‘ के तहत जहां छह महीनों में सिर्फ 538 अनाथ और अन्य श्रेणी के बच्चे लाभान्वित हुए थे तो वहीं अभियान के दौरान मात्र दो माह में ही 1000 से अधिक बच्चे लाभान्वित हो चुके हैं।

‘निर्माण श्रमिक शिक्षा एवं कौशल विकास योजना‘ में हर पात्र एवं वंचित निर्माण श्रमिक के बच्चों को योजना में जोड़ते हुए़ स्कॉलरशिप से लाभान्वित करने हेतु नवाचार ‘‘प्रोजेक्ट श्रम सम्बल’’ शुरू किया गया था। जहां वर्ष 2023-24 में सिर्फ 570 बच्चों को 52 लाख रु. की छात्रवृति मिली थी तो वहीं वर्ष 2024-25 में अर्जित प्रगति 4741 बच्चों को 4.48 करोड़ रूपए की छात्रवृति मिल चुकी है।

हर योजना में अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति हुए लाभान्वित :

इसके अलावा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में अब तक 163 घरों में रूफ टॉप सोलर लगाए जा चुके हैं। जिले में मिसिंग लिंग/नॉन पेचेबल हेतु प्रत्येक विधानसभा में 5 करोड़ राशि के कुल 53 कार्य लम्बाई 81.70 किमी. राशि 20 करोड़ के स्वीकृत हुए हैं जो वर्तमान में प्रगतिरत है। 1 जनवरी 2024 से वर्तमान तक कुल 8514 घरों में प्रगतिरत योजनाओं से नवीन जल संबंध जारी किए गए एवं जिले की वर्तमान कुल कवरेज उपलब्धि 64.71 प्रतिशत है। 122 आवास विहीन गरीब परिवारों को रियायती दर पर आवासीय भूखण्ड आवंटित किए गए हैं। 156 बी.पी.एल. परिवारों को निःशुल्क आवासीय भूखण्ड आवंटित किए गए हैं।

387 विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु परिवारों को ग्रामीण क्षेत्र में आवासीय पट्टे उपलब्ध करवाए गए हैं। जिले में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में अब तक लगभग 22000 मरीजों को लगभग 22 करोड़ का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है। सत्र 2024-25 में जिले के 96 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रत्येक में 2 स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए गए हैं। इन क्लासरूम्स में मिशन स्टार्ट के तहत कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत देय वित्तीय सहायता प्रति परिवार 6 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये वार्षिक की गई। जिले में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ की प्रथम किस्त के 1.40 लाख किसानों के बैंक खातों में 14.02 करोड़ रुपये सीधे जमा किए गए।

मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत जिले में अभियान के प्रथम चरण के तहत 55 ग्राम पंचायतों के 119 ग्रामों में जल एवं मृदा संरक्षण से संबंधित कार्य प्रगतिरत हैं। नगर परिषद राजसमंद की ओर से नेशनल हाईवे-8 के समीप सनवाड़ स्थित भवानी माता मंदिर के पास इको-टूरिज्म पार्क में पार्किंग एवं पहुंच सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है। नगर पालिका नाथद्वारा की ओर से मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत सात वर्षों से लंबित 300 आवासों का निर्माण पूरा कर लाभार्थियों को हस्तांतरित किया, जिनमें अधिकांश लोग निवासरत हैं। बजट घोषणा 2024-25 की अनुपालना में 10,428 राजीविका समूह की दीदियों को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया जा चुका हैं। स्वयं सहायता समूहों को गत एक वर्ष में अब तक कुल लगभग 74 करोड़ 45 लाख 85 हजार रुपए का बैंक ऋण वितरित किया गया है।

उन्होंने आमजन से अपील कर कहा कि हम सभी मिलकर इस विकास यात्रा को और तेज गति दें और राजसमन्द जिले को प्रगति के नए आयामों तक पहुँचाने का संकल्प लें। जनहित में चलाई जा रही योजनाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और जिले को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में योगदान दें।

विकास प्रदर्शनी में दिखी जिले की प्रगति की झलक :

विकास प्रदर्शनी में माननीय मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रियों के दौरों, विभिन्न आयोजनों, जिले में हुए नवाचार प्रोजेक्ट आदि को दर्शाया गया। ऐसे ही महत्वपूर्ण बजट घोषयाओं यथा 3530 करोड़ की जाखम परियोजना संबंधी कार्य, 1000 करोड़ के जल जीवन मिशन कार्य, 60 करोड़ के बेड़च का नाका संबंधी कार्य, राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर मीट सहित जिले में पूर्ण हुए एवं प्रगतिरत सड़क, झील पूजन एवं आरती, बिजली, पेयजल आदि संबंधी महत्वपूर्ण विकास कार्यां को प्रदर्शित किया।

राज्यमंत्री विजय सिंह ने राजीविका के उत्पादों की स्टॉल्स, कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा तैयार एक फार्म पौंड, शेडनेट, ग्रीन हाउस, पॉली हाउस, उन्नत फसलों की प्रदर्शनी देख सराहना की। एवीवीएनएल ने पीएम सूर्य घर योजना का डेमो दिया तो वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क बीपी एवं शुगर जांच शिविर लगाया गया। आयुर्वेद विभाग ने पंचकर्म सहित आयुर्वेदिक औषधियों को प्रदर्शित किया।

प्रदर्शनी में राज्य सरकार द्वारा जिले में लागू विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उनसे लाभान्वित हुए लोगों की सक्सेस स्टोरी, योजनाओं की जानकारी आदि को दर्शाया गया। संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी ने अतिथियों को प्रगति से अवगत कराया। जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा ने वेस्ट टू आर्ट का सजीव प्रदर्शन किया। सिंगल यूज प्लास्टिक को बोतलों में बंद करने के बाद सूचना केंद्र परिसर में एक स्थायी चबूतरे का निर्माण किया गया जो यहां आने वाले आगंतुकों को अब सदैव प्लास्टिक मुक्त भारत की प्रेरणा देगा।

Similar News